Breaking News

रायपुर@नकटी मामले में कांग्रेस झूठा नैरेटिव गढ़कर अराजकता फैलाना चाहती है : अनुराग सिंहदेव

Share

-संवाददाता-
रायपुर,05 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस पर झूठा नैरेटिव गढऩे और लोगों को भड़काने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रभावित 66 कब्जाधारियों के पुनर्वास का त्वरित निर्णय लेकर उन्हें नवा रायपुर के सेक्टर-30 में आवास उपलब्ध कराया है, जहां पहले से करीब 1200 परिवार सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ रह रहे हैं। रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में सिंहदेव ने कहा कि नकटी गांव को पूरी तरह उजाड़े जाने का दावा तथ्यहीन है। उनके अनुसार गांव की कुल आबादी 2110 है तथा वर्ष 2022 के पटवारी प्रतिवेदन में केवल लगभग तीन हेक्टेयर शासकीय भूमि पर अतिक्रमण दर्ज किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद भी शासकीय भूमि पर योजनाबद्ध तरीके से कब्जा किया गया।
उन्होंने दावा किया कि कई कब्जाधारियों ने हजारों वर्गफीट शासकीय भूमि पर कब्जा कर पक्के मकान बनाए थे। उनके मुताबिक दो लोगों के पास 29-29 हजार वर्गफीट, पांच लोगों के पास 17-17 हजार वर्गफीट और 20 लोगों के पास 10-10 हजार वर्गफीट तक भूमि पर कब्जा था। उन्होंने इसे सामान्य अतिक्रमण नहीं बल्कि संगठित अतिक्रमण बताया। अनुराग सिंहदेव ने कांग्रेस के उस आरोप को भी खारिज किया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई विधायक आवास निर्माण के लिए की गई। उन्होंने कहा कि विधायक आवास के लिए भूमि चयन का निर्णय विधानसभा अध्यक्ष, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और अन्य सदस्यों की समिति करती है। वर्तमान में संबंधित भूमि राजस्व विभाग के अधीन है और किसी अन्य विभाग को हस्तांतरित नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार के दौरान आवास एवं पर्यावरण विभाग द्वारा इस भूमि को सामान्य आवास योजना के लिए उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया गया था। ऐसे में कांग्रेस विधायक यदि इस मुद्दे पर पत्र लिखना चाहते हैं तो उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और तत्कालीन मंत्री मोहम्मद अकबर को लिखना चाहिए।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@शराब पीकर कार चलाना पड़ा महंगा चालक पर 10 हजार का जुर्माना

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,05 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चलाए जा …

Leave a Reply