महासमुंद,03 जुलाईं 2026। महासमुंद पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भवानीपटना (ओडिशा) से इंदौर (मध्यप्रदेश) ले जाए जा रहे 62.160 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त की है। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गांजा,तस्करी में प्रयुक्त कार और मोबाइल फोन सहित कुल 36 लाख 13 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ कोमाखान थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार,जिले की सीमा पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना पुलिस लगातार जांच अभियान चला रही है। इसी दौरान कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (एमपी-13-जेडडब्ल्यू-9964) में दो व्यक्ति बड़ी मात्रा में गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते मध्यप्रदेश जा रहे हैं। सूचना के आधार पर ग्राम गोयनाबाहरा के पास वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच में पता चला कि तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए कार में दो गुप्त चैंबर बनवाए थे,जिनमें गांजा छिपाकर रखा गया था। तलाशी के दौरान कुल 62.160 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 31 लाख 8 हजार रुपये है, बरामद किया गया। पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान सुरेश मालवीय (30 वर्ष) निवासी देवली पीपलोन,थाना आगर, जिला सागर (मध्यप्रदेश) तथा एल्कार सेन (30 वर्ष) निवासी मारूबल्डिया,थाना बड़ोद,जिला आगर (मध्यप्रदेश) के रूप में बताई। दोनों ने स्वीकार किया कि वे गांजा ओडिशा के भवानीपटना से खरीदकर इंदौर ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 62.160 किलोग्राम गांजा, पांच लाख रुपये कीमत की कार और पांच हजार रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 36 लाख 13 हजार रुपये आंका गया है। कोमाखान थाना में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत धारा 20,29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur