सेलरा गांव में सीमांकन के दौरान विवाद, पटवारी संघ ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 जुलाई 2026 (घटती-घटना)।सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सेलरा में जमीन की मापी (सीमांकन) करने पहुंचे एक पटवारी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद पटवारी ने पटवारी संघ के पदाधिकारियों के साथ लखनपुर थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार लखनपुर हल्का क्षेत्र के पटवारी सुबोध लकड़ा ग्राम पंचायत सेलरा में जमीन के बंटवारे एवं मापी की कार्रवाई के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनसे विवाद करते हुए मारपीट कर दी। घटना के बाद राजस्व अमले में नाराजगी है। घटना की जानकारी मिलते ही पटवारी संघ के पदाधिकारी लखनपुर थाना पहुंचे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। संघ का कहना है कि पटवारी शासकीय दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे। ऐसे में उनके साथ मारपीट की घटना गंभीर है और आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस कर रही जांच लखनपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद तथ्य सामने आने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur