Breaking News

अम्बिकापुर@मंच पर माला पहनाने से शुरू हुआ विवाद,महिला सरपंच के परिवार का सामाजिक बहिष्कार

Share


खेरवार समाज ने एक साल तक हुक्का-पानी बंद करने का फरमान सुनाया,पीडि़त परिवार ने भाजपा नेता के खिलाफ थाने में की शिकायत

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र के हरिगवां गांव में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान महिला सरपंच को मंच पर माला पहनाने की घटना अब सामाजिक विवाद में बदल गई है। खेरवार समाज ने महिला सरपंच और उनके पूरे परिवार का एक वर्ष के लिए सामाजिक बहिष्कार कर दिया है। समाज के इस फैसले के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है। पीडि़त परिवार ने भाजपा नेता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है,जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार करीब 10 दिन पहले हरिगवां ग्राम पंचायत में स्थानीय भाजपा नेताओं की ओर से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान मंच पर महिला सरपंच सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता मौजूद थे। स्वागत के क्रम में भाजपा नेता मंशाराम साहू ने महिला सरपंच को मंच पर माला पहनाकर सम्मानित किया। इसी बात को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कार्यक्रम के दौरान ही महिला सरपंच के पति ने सार्वजनिक रूप से इसका विरोध जताया। उनका कहना था कि किसी पुरुष द्वारा मंच पर महिला को माला पहनाना सामाजिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है। इसके बाद मामला खेरवार समाज की बैठक तक पहुंचा, जहां समाज के लोगों ने महिला सरपंच और उनके पूरे परिवार का एक वर्ष के लिए सामाजिक बहिष्कार करने का निर्णय ले लिया। समाज के फैसले के तहत परिवार का हुक्का-पानी बंद कर दिया गया है। साथ ही यह शर्त भी रखी गई है कि निर्धारित सामाजिक दंड पूरा करने के बाद ही परिवार को दोबारा समाज में शामिल किया जाएगा। इस निर्णय के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में बहस छिड़ गई है। कई लोग इसे सामाजिक परंपरा का मामला बता रहे हैं, जबकि कई इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था और व्यक्तिगत अधिकारों के विपरीत मान रहे हैं। सामाजिक बहिष्कार से आहत महिला सरपंच और उनके परिवार ने अब कानूनी रास्ता अपनाया है। परिवार का कहना है कि सार्वजनिक कार्यक्रम में सम्मानित करना आयोजकों की जिम्मेदारी होती है। यदि माला पहनाना उचित नहीं था तो भाजपा नेता को माला हाथ में देकर सम्मान करना चाहिए था। परिवार ने भाजपा नेता मंशाराम साहू के खिलाफ रघुनाथनगर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए पंचायत कार्यों में कथित वसूली जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं। दूसरी ओर भाजपा नेता की ओर से भी मामले में अपना पक्ष रखा गया है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों ने थाने में लिखित शिकायत दी है। अब पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। शुक्रवार को रघुनाथनगर थाना प्रभारी धीरेंद्र तिवारी स्वयं हरिगवां गांव पहुंचे और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए। थाना प्रभारी धीरेंद्र तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत प्राप्त हुई है। जांच के दौरान कार्यक्रम की परिस्थितियों, समाज द्वारा लिए गए निर्णय और शिकायतों में लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर सामाजिक परंपराओं, महिलाओं के सम्मान, जनप्रतिनिधियों की गरिमा और सामाजिक बहिष्कार जैसे मुद्दों पर चर्चा तेज कर दी है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और उसके निष्कर्ष पर टिकी हुई है।


Share

Check Also

सूरजपुर@ निर्माणाधीन शासकीय पॉलिटेक्निक भवन का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण

Share निर्माण कार्य की धीमी गति पर जताई नाराजगी,पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य …

Leave a Reply