रायपुर,02 जुलाई 2026। रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में देशभर के 300 से अधिक होटलों में ठगी और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय आरोपी को ओडिशा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर 10 से अधिक राज्यों में मामले दर्ज हैं और वह लगभग 15 वर्षों तक देश के विभिन्न जेलों में निरुद्ध रह चुका है। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता के संयुक्त निर्देशन में की गई। आरोपी ने रायपुर के थाना तेलीबांधा क्षेत्र स्थित होटल हयात में ठगी की घटना को अंजाम दिया था,जिसके बाद उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 284/26 धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले में प्रार्थी सूरज सिंह, जो होटल हयात में सिक्योरिटी इंचार्ज के पद पर कार्यरत हैं,ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 जून 2026 को भीमसेंट जॉन नामक व्यक्ति होटल के एक कमरे में ठहरा था। 27 जून 2026 की सुबह लगभग 07ः44 बजे वह बिना चेक-आउट प्रक्रिया पूरी किए होटल से चला गया और 63,755 रुपये का बकाया बिल अदा नहीं किया। इसके अलावा उसने होटल से किराए पर लिया गया लगभग 1,48,000 रुपये मूल्य का लैपटॉप भी साथ ले लिया। होटल प्रबंधन द्वारा कई बार उसके मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास किया गया,लेकिन दोनों नंबर बंद मिले। आरोपी ने न तो कोई संपर्क किया और न ही बिल भुगतान या लैपटॉप लौटाने का प्रयास किया। इसके बाद होटल प्रबंधन ने थाना तेलीबांधा में शिकायत दर्ज कराई। घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur