कब्जा नहीं मिलने से खेत समतल कराने पहुंचे ग्रामीण विवाद में महिला से मारपीट,कलाई पर काटा…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,27 जून 2026 (घटती-घटना)। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम परसा में 11 साल पुराने जमीन विवाद में न्यायालय का फैसला आने के बाद भी कब्जा नहीं मिलने से एक बार फिर विवाद की स्थिति बन गई। न्यायालय से आदेश मिलने के बाद ग्रामीण खेती की तैयारी के लिए जमीन समतल कराने पहुंचे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि मारपीट के दौरान एक महिला की कलाई दांत से काट दी गई। मामले में कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के 32 लोगों की करीब 24-25 एकड़ भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। वे पिछले 11 वर्षों से न्यायालय में प्रकरण लड़ रहे थे। 15 जून को नायब तहसीलदार न्यायालय ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया। इसके बाद राजस्व अमले को पुलिस की मौजूदगी में कब्जा दिलाने की कार्रवाई करनी थी, लेकिन दस दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी कब्जा नहीं दिलाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने स्वयं न्यायालय का आदेश कोतवाली थाने में जमा कराया था और उसकी पावती भी न्यायालय में प्रस्तुत की थी। कार्रवाई नहीं होने पर वे खेती की तैयारी के लिए जेसीबी से जमीन समतल कराने पहुंचे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध करते हुए विवाद शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर समय पर कार्रवाई नहीं होने से विवाद की स्थिति बनी।
महिला की शिकायत पर अपराध दर्ज : ग्राम परसा महादेवपारा निवासी सोनम महंत ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 26 जून को वह अपने परिवार के साथ खेत में मकई की बुआई कराने गई थी। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि विवाद के दौरान विनोद नामक व्यक्ति ने उनकी बाईं कलाई दांत से काट ली, जिससे उन्हें चोट आई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाने में पहुंचे ग्रामीण, ड्यूटी अफसर को नहीं थी जानकारी :शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी शिकायत लेकर कोतवाली थाना पहुंचे। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें कार्रवाई के बजाय दोनों पक्षों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की बात कही गई। वहीं, थाने में मौजूद ड्यूटी अफसर से जब ग्रामीणों की मौजूदगी का कारण पूछा गया तो उन्होंने इसकी जानकारी नहीं होने की बात कही। इसे लेकर ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur