- नौगई हत्याकांड: मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को दिया न्याय का भरोसा, स्वास्थ्य मंत्री ने कराई सीधी बातचीत
- नौगई पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री, मुख्यमंत्री से कराई पीड़ित परिवार की बात; बोले-दोषियों को मिलेगी कठोरतम सजा
- कोरिया@नौगई हत्याकांड पर सरकार गंभीर…मुख्यमंत्री से फोन पर हुई पीडि़त परिवार की बात…
- मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर परिजनों से की मुलाकात,मुख्यमंत्री से फोन पर कराई सीधी बातचीत,दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई का दिया भरोसा…

रवि सिंह
कोरिया,27 जून 2026 (घटती-घटना)। कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र के ग्राम नौगई में 16 और 17 जून की दरमियानी रात हुए जघन्य तिहरे हत्याकांड के बाद प्रदेश सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पीडि़त परिवार तक अपनी संवेदनाएं पहुंचाईं, मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बैकुंठपुर पहुंचे और वहां से नौगई गांव जाकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की,उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार इस अमानवीय घटना के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शेगी नहीं और कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पहले श्रद्धांजलि,फिर परिजनों से लंबी चर्चा
स्वास्थ्य मंत्री ने सबसे पहले जघन्य वारदात में जान गंवाने वाले तीनों मृतकों के छायाचित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी, इसके बाद उन्होंने शोकाकुल परिवार के सदस्यों से अलग-अलग मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली और उनकी पीड़ा को सुना,मंत्री ने कहा कि सरकार इस दुख की घड़ी में पूरी तरह पीडि़त परिवार के साथ खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे,नौगई हत्याकांड में एक ही परिवार के पांच लोगों पर सुनियोजित हमला किया गया था, इस हमले में तीन लोगों की जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई,जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए,इस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है।
मुख्यमंत्री से कराई सीधी बातचीत
मुलाकात के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने पीडि़त परिवार की मुख्यमंत्री से सीधे फोन पर बातचीत कराई,मुख्यमंत्री ने परिजनों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस घटना को अत्यंत गंभीरता से ले रही है,उन्होंने भरोसा दिलाया कि अपराध की भयावहता को देखते हुए दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा, मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि न्याय दिलाने की प्रक्रिया में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और सरकार स्वयं पूरे मामले की निगरानी कर रही है।
मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री
राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से स्वास्थ्य मंत्री का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है,प्रदेश में जब मुख्यमंत्री किसी कारणवश स्वयं किसी घटना स्थल पर नहीं पहुंच पाते, तब वे अपने प्रतिनिधि के रूप में वरिष्ठ मंत्री को भेजते हैं,नौगई में स्वास्थ्य मंत्री की मौजूदगी और उनके माध्यम से मुख्यमंत्री का सीधे पीडि़त परिवार से संवाद यह संकेत देता है कि राज्य सरकार इस मामले को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है,मंत्री ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि सरकार केवल सांत्वना देने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दोषियों को सजा दिलाने के लिए पूरी ताकत से कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगी।
सरकार के बड़े फैसले की चर्चा
मामले को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी है कि सरकार आगे जांच को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक निर्णय ले सकती है, हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है,लेकिन जिस प्रकार मुख्यमंत्री स्वयं पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं और स्वास्थ्य मंत्री के माध्यम से लगातार संवाद स्थापित किया गया है,उससे यह माना जा रहा है कि सरकार किसी भी स्तर पर लापरवाही या जांच में कमी नहीं चाहती,विशेषज्ञों का मानना है कि इतने संवेदनशील मामले में यदि आवश्यकता हुई तो जांच की निगरानी और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त कदम भी उठाए जा सकते हैं, हालांकि यह संभावनाओं और चर्चाओं का विषय है,जिसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
परिजनों में जगा भरोसा
मुख्यमंत्री से सीधे बातचीत और स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन के बाद पीडि़त परिवार में कुछ हद तक भरोसा दिखाई दिया,परिजनों ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी पीड़ा को समझते हुए दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई करेगी,जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो,क्षेत्र के लोगों का भी कहना है कि सरकार द्वारा तत्काल प्रतिनिधि भेजना और मुख्यमंत्री का स्वयं पीडि़त परिवार से संवाद करना यह दर्शाता है कि नौगई हत्याकांड को केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि अत्यंत गंभीर मानवीय और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामले के रूप में देखा जा रहा है,अब पूरे प्रदेश की नजर इस बात पर टिकी है कि जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और सरकार अपने आश्वासनों को किस प्रकार धरातल पर उतारती है। पीडि़त परिवार की सबसे बड़ी अपेक्षा यही है कि निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों को जल्द से जल्द कठोरतम सजा मिले और उन्हें न्याय प्राप्त हो।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur