Breaking News

बैकुंठपुर@ मोहर्रम की सामूहिक तस्वीर पर उठे सवाल

Share


पुलिस अधिकारियों के साथ विवादित छवि वाले पार्षद पति की मौजूदगी बनी चर्चा का विषय
शांतिपूर्ण आयोजन के बाद वायरल हुई तस्वीर…सोशल मीडिया पर प्रोटोकॉल और संदेश को लेकर बहस तेज
-संवाददाता-
बैकुंठपुर,27 जून 2026 (घटती-घटना)।
मोहर्रम का पर्व जिले में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक समन्वय के लिए पुलिस प्रशासन तथा मुस्लिम समाज की सराहना भी हुई,लेकिन आयोजन के बाद सामने आई एक सामूहिक तस्वीर अब शहर में चर्चा का विषय बन गई है,तस्वीर में पुलिस अधिकारियों और समाज के लोगों के साथ एक ऐसा व्यक्ति भी पुलिस अधिकारियों के ठीक बगल में खड़ा दिखाई दे रहा है, जिसे स्थानीय स्तर पर पूर्व पार्षद और वर्तमान पार्षद पति बताया जा रहा है, सोशल मीडिया पर यह दावा भी किया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति का नाम पूर्व में जुआ से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है और उसकी गिरफ्तारी भी हो चुकी है।
समाज के लोग नीचे बैठे,संबंधित व्यक्ति पुलिस अधिकारियों के साथ खड़ा
वायरल तस्वीर में मुस्लिम समाज के अधिकांश लोग नीचे बैठकर फोटो खिंचवाते दिखाई दे रहे हैं,जबकि लाल घेरे में चिन्हित संबंधित व्यक्ति पुलिस अधिकारियों के बिल्कुल समीप खड़ा नजर आ रहा है,यही दृश्य लोगों के बीच चर्चा का मुख्य कारण बना हुआ है,कई लोगों का कहना है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में इस तरह की तस्वीरें प्रशासन की निष्पक्ष छवि को लेकर अनावश्यक सवाल खड़े कर सकती हैं।
सोशल मीडिया पर उठ रहे कई सवाल
तस्वीर वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं,लोग सवाल उठा रहे हैं कि यदि किसी व्यक्ति की छवि पहले से विवादों में रही हो,तो क्या उसे पुलिस अधिकारियों के साथ इस तरह प्रमुख स्थान पर दिखाई देना उचित संदेश देता है? वहीं कुछ लोग इसे केवल सामूहिक फोटो का संयोग मान रहे हैं और कह रहे हैं कि फोटो में किसी के खड़े होने या बैठने मात्र से किसी प्रकार के संबंध या संरक्षण का निष्कर्ष नहीं निकाला जाना चाहिए।
पुलिस की ओर से नहीं आया कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण
अब तक इस तस्वीर को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है,यह भी स्पष्ट नहीं है कि संबंधित व्यक्ति को किसी प्रोटोकॉल के तहत अधिकारियों के साथ खड़ा किया गया था या फोटो खिंचवाने के दौरान वह स्वयं उस स्थान पर आकर खड़ा हो गया। ऐसे में तस्वीर को लेकर चल रही चर्चाओं पर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
सवाल केवल तस्वीर का नहीं, सार्वजनिक संदेश का भी-
लोक जीवन में सक्रिय जनप्रतिनिधियों,सामाजिक कार्यकर्ताओं और पुलिस अधिकारियों की सार्वजनिक उपस्थिति हमेशा लोगों के बीच संदेश छोड़ती है, ऐसे में यह तस्वीर चर्चा का विषय इसलिए बनी है क्योंकि अधिकांश समाजजन नीचे बैठे दिखाई दे रहे हैं,जबकि विवादित छवि वाले बताए जा रहे व्यक्ति की मौजूदगी पुलिस अधिकारियों के ठीक बगल में दिखाई दे रही है, अब लोगों की नजर इस बात पर है कि क्या प्रशासन इस मामले पर कोई स्पष्टीकरण देता है या इसे सामान्य सामूहिक तस्वीर मानकर अनदेखा किया जाएगा।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@शांति और भाईचारे के माहौल में निकले मोहर्रम के जुलूस

Share इंतजामिया कमेटी ने प्रशासन, पुलिस और शहरवासियों का जताया आभार -संवाददाता-अम्बिकापुर,27 जून 2026 (घटती-घटना)। …

Leave a Reply