-संवाददाता-
अम्बिकापुर,26 जून 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में नामांकित पार्षदों (एल्डरमैन) की नियुक्ति कर दी है। इसी कड़ी में अंबिकापुर नगर पालिक निगम में 9 नामांकित पार्षदों की नियुक्ति की गई है। नियुक्त किए गए नामांकित पार्षदों में समाजसेवी करताराम गुप्ता, राज बहादुर शास्त्री, श्रीमती सावित्री जायसवाल, संतोष दास, रमेश जायसवाल, तेजिंदर बग्गा, श्रीमती किरण सोनी, शरद सिन्हा और श्रीधर केशरी शामिल हैं। नियुक्ति के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के साथ युवा चेहरों को भी मौका मिलने से इसे संगठन और नगर क्षेत्र में नई जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी और भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने सभी नवनियुक्त नामांकित पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि वे जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दें और अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र के विकास एवं समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। नवनियुक्त पार्षदों से उम्मीद जताई गई है कि वे निगम क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में सेतु की भूमिका निभाएंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur