
बंदियों से सीधे संवाद कर सुनी समस्याएं,स्वच्छता,पौष्टिक भोजन और चिकित्सा सुविधाएं बेहतर करने के निर्देश
अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी की बैठक में न्यायालय भवन निर्माण,पेयजल और मानसिक स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी हुई समीक्षा
-संवाददाता-
सूरजपुर 26 जून 2026 (घटती-घटना)। न्याय तक सभी की समान पहुंच सुनिश्चित करने और जेल में निरुद्ध बंदियों के मौलिक अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विनीता वार्नर की अध्यक्षता में डिस्टि्रक्ट जेल विजिटर्स बोर्ड ने सूरजपुर जिला जेल का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बोर्ड के सदस्यों ने जेल की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया तथा बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। निरीक्षण का उद्देश्य जेल में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, भोजन, स्वच्छता, चिकित्सा व्यवस्था और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जा रही कानूनी सहायता की समीक्षा करना था।
जेल परिसर की व्यवस्थाओं का लिया जायजा- निरीक्षण दल ने जेल के बैरकों, रसोईघर, स्वास्थ्य केंद्र तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया, अधिकारियों ने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था तथा बंदियों को उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली, साथ ही यह भी देखा गया कि बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक भोजन और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है या नहीं।
बंदियों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं…
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न बैरकों में जाकर बंदियों से सीधे बातचीत की,उन्होंने उनकी व्यक्तिगत समस्याओं,दैनिक दिनचर्या तथा जेल में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की,साथ ही यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया कि किसी भी बंदी को कानूनी सहायता,स्वास्थ्य सेवाओं या अन्य मौलिक सुविधाओं से वंचित न रहना पड़े।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur