Breaking News

रायपुर@कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर में केसी वेणुगोपाल ने दिया वर्क और आउट फॉर्मूला….

Share


परफॉर्मेंस रही खराब तो जा सकती है जिलाध्यक्षों की कुर्सी

रायपुर,26 जून 2026। अभनपुर में चल रहे कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर से जिला अध्यक्षों के लिए एक बड़ा राजनीतिक संदेश निकलकर आया है। कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने साफ कर दिया है कि जिला अध्यक्ष बन जाना ही मंजिल नहीं है, असली परीक्षा अब शुरू होगी। संगठन उनके कामकाज पर नजर रखेगा और खराब प्रदर्शन करने वालों को पद से हटाया भी जा सकता है। जानकारी के मुताबिक,प्रशिक्षण शिविर में वेणुगोपाल ने जिला अध्यक्षों से कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत हुई नियुक्तियां स्थायी नहीं हैं। अगले छह महीने तक हर जिलाध्यक्ष के काम,सक्रियता,जनसंपर्क,संगठन विस्तार और बूथ स्तर पर प्रदर्शन की समीक्षा होगी। जो अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरेंगे,उनके स्थान पर नए चेहरे लाए जा सकते हैं।
जिलाध्यक्षों को मिला संदेश-पद नहीं, प्रदर्शन से बचेगी कुर्सी : दरअसल, 41 नए जिला कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति के समय ही कांग्रेस नेतृत्व ने परफॉर्मेंस आधारित मॉडल तय किया था। अब रायपुर शिविर में उसे सार्वजनिक रूप से दोहराया गया है। संगठन के भीतर इसे ‘वर्क ऑर आउट’ फॉर्मूला माना जा रहा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी अब केवल गुटीय संतुलन के आधार पर संगठन नहीं चलाना चाहती,बल्कि मैदान में सक्रिय नेताओं को आगे लाने की रणनीति पर काम कर रही है। यही वजह है कि जिलाध्यक्षों को गांवों में भेजा जा रहा है, उनसे जनसंवाद कराया जा रहा है और जमीनी रिपोर्ट तैयार करवाई जा रही है।
राहुल के बाद वेणुगोपाल का दूसरा बड़ा संदेश : राहुल गांधी ने जहां प्रशिक्षण शिविर में कहा था कि भविष्य का भूपेश बघेल, टीएस सिंहदेव या चरणदास महंत जिलाध्यक्षों की इसी कतार से निकल सकता है,वहीं केसी वेणुगोपाल ने उस संदेश का दूसरा पक्ष सामने रखा। उन्होंने संकेत दिया कि बड़ा नेता बनने का रास्ता प्रदर्शन से होकर जाएगा और निष्कि्रयता की कोई जगह नहीं होगी। प्रशिक्षण शिविर में वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस देशभर में संगठन सृजन अभियान चला रही है। अब तक 9 राज्यों में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं और आने वाले समय में अन्य राज्यों में भी यह मॉडल लागू होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बूथ स्तर से लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। यह प्रशिक्षण शिविर उसी राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@अंबिकापुर नगर निगम में 9 एल्डरमैन की नियुक्ति करताराम गुप्ता और संतोष दास सहित कई नाम शामिल

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,26 जून 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेश …

Leave a Reply