Breaking News

कोरिया@ मेहनत ही सफलता की कुंजी : जब कलेक्टर ने छात्रा को सिखाया यूपीएससी का सक्सेस मंत्र

Share


आठवीं की छात्रा ने पूछा…यूपीएससी की तैयारी कैसे करें? कलेक्टर ने कहा… बड़े सपने देखो,मेहनत से मिलेगा मुकाम
कोरिया,25 जून 2026 (घटती-घटना)।
जिले के सोनहत विकासखंड के रामगढ़ कन्या आश्रम शाला में कक्षा आठवीं की छात्रा के सवाल ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। छात्रा ने कलेक्टर रोक्तिमा यादव से पूछा…यूपीएससी की तैयारी कैसे करें? छात्रा के बड़े सपने और आत्मविश्वास को देखकर कलेक्टर ने उसकी सराहना की और उसे अभी से लक्ष्य तय कर मेहनत करने की प्रेरणा दी।
नियमित पढ़ाई और सामान्य ज्ञान पर दिया जोर
कलेक्टर ने छात्रा को बताया कि किसी भी बड़ी सफलता की शुरुआत बड़े लक्ष्य से होती है। उन्होंने कहा कि अभी से नियमित अध्ययन की आदत डालें, सभी विषयों की मजबूत समझ बनाएं और सामान्य ज्ञान पर विशेष ध्यान दें। समाचार पत्र पढ़ने,समसामयिक घटनाओं की जानकारी रखने और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अध्ययन करने की भी सलाह दी।
बच्चों से संवाद कर बढ़ाया आत्मविश्वास
स्कूल निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई,भविष्य की योजनाओं और विद्यालय में
उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को स्पष्ट लक्ष्य बनाकर अनुशासन और मेहनत के साथ आगे
बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता निरंतर प्रयास और सीखने की इच्छा से मिलती है।
छात्रा ने सुनाया 26 का पहाड़ा, तो छात्रा को मिली शाबाशी…
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सोनहत स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय और रामगढ़ माध्यमिक विद्यालय का भी जायजा लिया। कक्षा तीसरी की छात्रा ने आत्मविश्वास के साथ 26 का पहाड़ा सुनाया,जिस पर कलेक्टर ने उसकी प्रशंसा की। बच्चों ने कविता पाठ और सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर अपनी प्रतिभा दिखाई।
मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता भी जांची
कलेक्टर ने कन्या आश्रम शाला और छात्रावास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन, पेयजल, स्वच्छता और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन कर उन्होंने भोजन की गुणवत्ता जांची और अधिकारियों को पौष्टिक भोजन व बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए।
ग्रामीण बच्चों को दिया बड़े सपने देखने के संदेश
कलेक्टर ने कहा कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। सही दिशा, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी विद्यार्थी अपने जीवन का बड़ा लक्ष्य हासिल कर सकता है। कलेक्टर के इस प्रेरणादायी संवाद से विद्यार्थियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ।


Share

Check Also

रायपुर@छत्तीसगढ़ में नामांकित पार्षदों की नियुक्ति, नगरीय प्रशासन विभाग का आदेश जारी,देखें लिस्ट…

Share रायपुर,25 जून 2026। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने विभिन्न नगर …

Leave a Reply