रायपुर,24 जून 2026। छत्तीसगढ़ में अगले शैक्षणिक सत्र से स्कूलों का नया सत्र 1 अप्रैल से शुरू होगा। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी शामिल हुए। वर्तमान में राज्य के स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र 16 जून से प्रारंभ होता है,लेकिन अब इसे सीबीएसई की तर्ज पर 1 अप्रैल से शुरू किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत अप्रैल माह में एक महीने तक नियमित कक्षाएं संचालित होंगी,जिसके बाद 1 मई से विद्यार्थियों को ग्रीष्मकालीन अवकाश दिया जाएगा। शिक्षा विभाग के अनुसार अप्रैल में ही विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें और गणवेश वितरित कर दिए जाएंगे। साथ ही सभी विषयों की पढ़ाई शुरू कर दी जाएगी और छात्रों को गर्मी की छुट्टियों के लिए गृहकार्य भी दिया जाएगा। विभाग का मानना है कि इससे निर्धारित समय में पाठ्यक्रम पूरा करने में मदद मिलेगी और विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार आएगा।
डाटा अपडेट में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
बैठक में शिक्षा मंत्री ने शासकीय विद्यालयों और जिला शिक्षा कार्यालयों द्वारा समय पर डाटा उपलब्ध नहीं कराए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जिला शिक्षा कार्यालय जून माह के अंत तक स्कूलों का आवश्यक डाटा पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपडेट कराएं। निर्धारित समय सीमा का पालन नहीं होने पर संबंधित प्राचार्यों और अधिकारियों के वेतन से कटौती की कार्रवाई की जा सकती है।
वीएसके ऐप से अनिवार्य
होगी शिक्षकों की उपस्थिति
शिक्षकों की उपस्थिति अब वीएसके ऐप के माध्यम से दर्ज करना अनिवार्य कर दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐप के जरिए उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले शिक्षकों को अनुपस्थित माना जाएगा और उनके वेतन में कटौती की जा सकती है। अवकाश संबंधी आवेदन भी इसी ऐप के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
बुनियादी शिक्षा पर रहेगा विशेष जोर
बैठक में विद्यार्थियों की बुनियादी शैक्षणिक दक्षता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। निर्देश दिए गए कि प्राथमिक स्तर के विद्यार्थियों को बारहखड़ी और 20 तक के पहाड़े तथा माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों को 25 तक के पहाड़े याद हों। इसके अलावा हिंदी और अंग्रेजी में धाराप्रवाह पठन क्षमता विकसित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur