रायपुर,04 जून 2026। रायपुर जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में करीब 200 एकड़ बेशकीमती जमीन हड़पने के मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। फर्जी दस्तावेज तैयार कर करोड़ों रुपए की जमीन अपने नाम कराने की साजिश रची गई। गिरफ्तार आरोपियों का नाम रायपुर संजय नगर निवासी वसीम हुसैन, मोहम्मद खलील, अब्दुल नईम और मिर्जा परवेज बताया जा रहा है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभनपुर पुलिस के अनुसार ग्राम थनौद, तहसील गोबरा नवापारा स्थित खसरा नंबर 1243/1, 1242/1, 1244/1, 1159/1, 1163/1, 1162/1 और 1162/2 की लगभग 200 एकड़ भूमि राजस्व रिकॉर्ड में केशव अवस्थी के नाम दर्ज है। जांच में सामने आया कि साल 2023 में आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से इस जमीन को हथियाने की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी मिर्जा परवेज ने अपने साथियों अब्दुल नईम और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर केशव अवस्थी की जगह किसी अन्य व्यक्ति को प्रस्तुत किया। इसके बाद फर्जी फोटो, कूटरचित हस्ताक्षर और नकली अंगूठा निशानी का इस्तेमाल कर मुख्तियारनामा तैयार कराया गया। इसी दस्तावेज के आधार पर जमीन का पंजीयन कर करोड़ों की संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास किया गया। जांच में यह भी पता चला कि 19 अक्टूबर 2023 को जमीन के एक हिस्से का पंजीयन अब्दुल नईम के नाम और 20 अक्टूबर को मिर्जा परवेज के नाम कराया गया था। दोनों ही मामलों में कथित रूप से फर्जी पहचान और जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया।
दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने की कार्रवाई
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के बयान दर्ज किए और मुख्तियारनामा तैयार करने में उपयोग किए गए आधार कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी और कूटरचना की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की।
आरोपियों को न्यायिक रिमांड में भेजा जेला
गिरफ्तार आरोपियों में वसीम हुसैन, मोहम्मद खलील, अब्दुल नईम और मिर्जा परवेज शामिल हैं। सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur