Breaking News

दुर्ग-भिलाई@दुर्ग में इबोला वायरस को लेकर अलर्ट

Share

  • अफ्रीका देशों से लौटे 3 यात्री 21 दिनों के लिए
  • ‘होम आइसोलेशन’ पर…किसी में कोई लक्षण नहीं


दुर्ग-भिलाई,04 जून 2026। अफ्रीका के कुछ देशों में इबोला वायरस के मामले सामने आने के बाद दुर्ग जिले में स्वास्थ्य विभाग ने एहतियाती निगरानी बढ़ा दी है। विदेश से लौटे 3 यात्रियों को 21 दिनों के लिए होम आइसोलेशन पर रखा गया है। राहत की बात यह है कि तीनों यात्रियों में अभी तक इबोला संक्रमण के कोई लक्षण नहीं मिले हैं। उनकी हालत पूरी तरह सामान्य बताई गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में वर्तमान में कुल तीन अंतर्राष्ट्रीय यात्री आए हैं। इनमें एक महिला 31 मई को कांगो से दुर्ग पहुंची, जबकि दो यात्री 2 जून को भिलाई पहुंचे। इनमें एक यात्री इथोपिया और दूसरा युगांडा से लौटा है।
किसी में संक्रमण जैसे लक्षण नहीं पाए गए : मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि, तीनों यात्रियों की ट्रैवल हिस्ट्री और स्वास्थ्य स्थिति की जांच की गई। किसी में संक्रमण जैसे लक्षण नहीं पाए गए और न ही संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने का इतिहास मिला। इसी आधार पर इन्हें कम जोखिम श्रेणी यानी कैटेगरी-1 में रखा गया है। फिलहाल, सभी यात्रियों को 21 दिन के लिए होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम रोज सुबह और शाम फोन के जरिए उनकी स्वास्थ्य निगरानी कर रही है। यात्रियों को निर्देश दिया गया है कि यदि उन्हें किसी भी तरह की शारीरिक परेशानी महसूस हो तो तुरंत ट्रेसिंग टीम, कंट्रोल रूम या मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय को सूचना दें। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, इबोला एक गंभीर वायरल संक्रमण है, जो संक्रमित व्यक्ति के सीधे संपर्क या उसके शरीर से निकलने वाले फ्लूइड के जरिए फैल सकता है। इसके सामान्य लक्षणों में तेज बुखार,उल्टी,पेट दर्द,जोड़ों में दर्द,अधिक थकान,सिरदर्द और गंभीर वाटरी डायरिया शामिल हैं। इबोला संक्रमण की पुष्टि मुख्य रूप से आरटी-पीसीआर जांच के जरिए की जाती है।


Share

Check Also

अंबिकापुर@ डायल-112 टीम को बंधक बनाकर हमला

Share ,आरक्षक गंभीर रूप से घायलझगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस से गाली-गलौज, रॉड से …

Leave a Reply