Breaking News

रायपुर@सामूहिक विवाह समारोह में अव्यवस्था पर गरमाई राजनीति

Share


रमन सिंह के वायरल वीडियो पर भूपेश बघेल और दीपक बैज ने कसा तंज
रायपुर,01 जून 2026। बेमेतरा में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में हुई अव्यवस्था को लेकर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की सार्वजनिक नाराजगी अब राजनीतिक बहस का विषय बन गई है। कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए रमन सिंह का वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इस मुद्दे को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। दोनों नेताओं ने कहा कि प्रदेश में प्रशासनिक अव्यवस्था बढ़ रही है और सरकार का नियंत्रण कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बेमेतरा प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और दोनों उपमुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में डॉ. रमन सिंह का इस तरह नाराज होना सामान्य बात नहीं है। उन्होंने कहा कि रमन सिंह का बयान एक राजनीतिक संदेश की तरह है। भूपेश बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि डॉ. रमन सिंह मानो यह कह रहे हों कि‘तुमसे ना हो पाएगा’ और अपनी कुर्सी खाली कर दो। भूपेश बघेल ने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से अव्यवस्थाओं और शिकायतों की खबरें सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का प्रशासन पर नियंत्रण कमजोर हो गया है। उन्होंने कहा,‘सरकार के नियंत्रण में अब कुछ नहीं रहा है। ‘ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी इस मुद्दे पर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जिस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष खुद व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रहे हों, वहां सरकार के सुशासन के दावों की वास्तविकता सामने आ जाती है। बैज ने कहा कि अधिकारी विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का पीछे से स्वागत कर रहे थे और खुद रमन सिंह सार्वजनिक मंच से नाराजगी जाहिर कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ‘गजब का सुशासन है। डॉ. रमन सिंह खुद कह रहे हैं कि उन्होंने 15 साल मुख्यमंत्री रहते ऐसी व्यवस्था नहीं देखी। इससे सरकार की कार्यप्रणाली का अंदाजा लगाया जा सकता है। ‘
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि यह समझना मुश्किल हो गया है कि सरकार आखिर चल कौन रहा है और कहां से चल रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ‘भगवान भरोसे’ चल रही है।
पहले सरकार संभालिए, फिर मनाइए सुशासन तिहारः बैज
दीपक बैज ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रदेशभर में सुशासन तिहार मना रहे हैं, लेकिन उससे पहले सरकार को अपनी प्रशासनिक व्यवस्था सुधारनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘मुख्यमंत्री जी सुशासन तिहार मनाने निकले हैं, लेकिन पहले अपनी सरकार को ठीक-ठाक कर लें। ‘
तहसीलदार आंदोलन को लेकर भी सरकार पर हमला
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सीतापुर घटना के बाद जारी तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों की हड़ताल को लेकर भी सरकार को घेरा। दीपक बैज ने आरोप लगाया कि एक नायब तहसीलदार के साथ मारपीट की घटना हुई, जिसके विरोध में पूरा प्रशासनिक अमला आंदोलन कर रहा है, लेकिन सरकार आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बचाने में लगी हुई है।
उन्होंने कहा, ‘एक तरफ पूरे प्रदेश के प्रशासनिक अधिकारी धरने पर बैठे हैं और दूसरी तरफ सरकार आंख-कान बंद कर बैठी है। प्रदेश में दो तरह के कानून चल रहे हैं। भाजपा नेताओं को बचाने के लिए अलग कानून लागू है। ‘
रामकुमार टोप्पो की गिरफ्तारी की मांग
दीपक बैज ने सीतापुर मामले में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो का नाम लेते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और यदि आरोप गंभीर हैं तो निष्पक्ष कार्रवाई की जानी चाहिए।


Share

Check Also

बलरामपुर@ बलरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Share 12 घंटे में 22 स्थायी वारंटी गिरफ्तार,वर्षों से फरार आरोपी भी पकड़ेबलरामपुर,01 जून 2026 …

Leave a Reply