Breaking News

रायपुर@दीपक बैज बोले-ढाई साल में ही कू्रर-अत्याचारी हुई सरकार

Share

लोकतंत्र को कुचलने की कोशिश,सूरजपुर में 30 घंटे अनशन के सामने झुकी सरकार
रायपुर,28 मई 2026। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र को कुचलने और विपक्षी कार्यकर्ताओं को प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है। गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि ढाई साल के शासनकाल में ही साय सरकार क्रूर और अत्याचारी बन गई है। प्रदेश में विकास कार्य और जनकल्याणकारी योजनाएं ठप्प हैं, जबकि कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है। रायपुर, बिलासपुर, जशपुर, कवर्धा और कई जिलों में लगातार गोलीबारी,हत्या और चाकूबाजी की घटनाएं सामने आ रही हैं।
उपचुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही भाजपा : दीपक बैज ने कहा कि, नगरीय निकाय और पंचायत उपचुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर चुनाव प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। सूरजपुर जिले के शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस के चुनाव संचालक और जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट का झूठा मामला दर्ज किया गया। बैज ने कहा कि इसके विरोध में उन्होंने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ धरना दिया और बाद में आमरण अनशन शुरू किया।
उन्होंने दावा किया कि 30 घंटे बाद सरकार और प्रशासन को झुकना पड़ा और कांग्रेस की मांगें मानी गईं। इस आंदोलन में पूर्व मुख्मंत्री भूपेश बघेल और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव भी शामिल हुए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि, भाजपा को चुनाव हारने का डर सताने लगा है, इसलिए सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जहां भी लोकतंत्र का दमन होगा,कांग्रेस उसका डटकर मुकाबला करेगी।
प्रदेश में लगातार
हो रहे अपराध

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रायपुर, बिलासपुर,जशपुर,कवर्धा और अन्य जिलों में लगातार गोलीबारी,हत्या और चाकूबाजी की घटनाएं सामने आ रही हैं। राजधानी रायपुर में गैंगवार, बमबाजी और खुलेआम अपराध हो रहे हैं,लेकिन सरकार अपराध रोकने के बजाय विपक्ष को दबाने में लगी हुई है। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेता राजेंद्र तिवारी,विकास उपाध्याय,सीमा वर्मा, धनंजय सिंह ठाकुर,सुरेंद्र वर्मा और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 9.26 करोड़ की ठगीः चिटफंड कंपनी के दो आरोपी गिरफ्तार

Share गरीब और आदिवासी निवेशकों को बनाया शिकार,गांधीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई-संवाददाता-अम्बिकापुर,28 मई 2026 (घटती-घटना)। …

Leave a Reply