रायपुर,23 मई 2026। भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सपना देख रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। सेना भर्ती वर्ष 2027 के लिए आयोजित होने वाली ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम की तिथियों की घोषणा कर दी गई है। परीक्षा का आयोजन 1 जून से 12 जून 2026 तक किया जाएगा। विभिन्न श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए यह परीक्षा दो चरणों में संपन्न होगी। पहला चरण 1 से 5 जून तथा दूसरा चरण 8 से 12 जून तक आयोजित किया जाएगा। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ में भिलाई, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर सहित पांच प्रमुख शहरों में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर प्रतिदिन तीन से चार शिफ्टों में परीक्षा आयोजित की जाएगी, ताकि सभी उम्मीदवारों की परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न हो सके। सेना भर्ती कार्यालय की ओर से बताया गया है कि परीक्षा एवं भर्ती प्रक्रिया से संबंधित किसी भी जानकारी या समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी नया रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के समीप संचालित सेना भर्ती कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए दूरभाष नंबर 0771-2965212 और 0771-2965214 जारी किए गए हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur