रायपुर रेल मंडल में आयोजित 19वें रोजगार मेले में 257 युवाओं को सौंपे गए नियुक्ति पत्र
पीएम मोदी ने वर्चुअली किया संबोधित
रायपुर,23 मई 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 51,000 अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए रोजगार मेला के 19वें चरण का देशव्यापी शुभारंभ किया। इसी कड़ी में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल द्वारा आयोजित भव्य समारोह में विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों के लिए चयनित कुल 257 नवनियुक्त युवाओं को सीधे नियुक्ति पत्र सौंपे गए। यह आयोजन छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बेहद खास है क्योंकि लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे स्थानीय युवाओं को रेलवे, डाक और बैंकिंग जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सीधे नियुक्तियां मिली हैं। इस कदम से राज्य में बेरोजगारी कम करने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर मुख्यधारा से जोड़ने में बड़ी मदद मिलेगी, जिससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक संपन्नता बढ़ेगी। नवा रायपुर और रायपुर के युवाओं के लिए यह ऐतिहासिक पल साइंस कॉलेज मैदान के पास स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आया। इस गरिमामयी समारोह में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, मंडल रेल प्रबंधक श्री दयानंद, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री बजरंग अग्रवाल और वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राहुल गर्ग सहित कई आला अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ये नियुक्तियां राष्ट्र निर्माण और आत्मनिर्भर भारत के सपने को पूरा करने में मील का पत्थर साबित होंगी। रायपुर रेल मंडल में कुल आवंटित 803 पदों में से 257 अभ्यर्थियों को फिजिकल रूप से बुलाकर मंच पर सम्मान के साथ जॉइनिंग लेटर दिए गए, जिससे उनके और उनके परिवारों के चेहरे खिल उठे।
विभागवार नियुक्तिया ंः रायपुर में बांटे गए नियुक्ति पत्रों में अकेले रेलवे विभाग के 200, पोस्टल विभाग के 34, बैंक ऑफ बड़ौदा (वित्त) के 11, स्वास्थ्य मंत्रालय के 7 और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के 5 अभ्यर्थी शामिल हैं। देशव्यापी और स्थानीय आंकड़ाः जहां एक तरफ प्रधानमंत्री ने देश स्तर पर 51,000 युवाओं को नई भूमिका की बधाई दी, वहीं रायपुर केंद्र में कुल 803 चयनितों में से 257 को व्यक्तिगत तौर पर लेटर सौंपे गए।
नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के बाद ये सभी नवनियुक्त अभ्यर्थी जल्द ही अपने-अपने संबंधित विभागों में कार्यभार संभालेंगे। केंद्र सरकार के निर्देशानुसार, आने वाले महीनों में रोजगार मेले के अगले चरणों के माध्यम से छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों के युवाओं को भी केंद्र और राज्य के विभिन्न उपक्रमों में रोजगार के नए अवसर दिए जाएंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur