एयरगन-बैटरी-कैमिकल बरामद,मितानिन के घर रिश्तेदार ने छोड़ा,कांग्रेस नेता के साले पर शक
रायपुर,07 मई 2026। रायपुर के रावाभाठा इलाके में एक मकान से देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला संदिग्ध रॉ मटेरियल, तार और अन्य सामान मिला है। सूचना मिलते ही रायपुर नॉर्थ थाना पुलिस, बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम वार्ड नंबर-13 में मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके पर डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान एक संदिग्ध बैग से बैटरी, वायर, एयरगन, दो बोतल कैमिकल और डेटोनेटर नुमा सामान बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। डीसीपी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि संदिग्ध सामग्री मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार यह सामान विनय देवांगन नाम के शख्स का बताया जा रहा है, जो किसी कांग्रेस नेता का साला है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी। पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस जल्द ही मामले में खुलासा करेगी। मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार रविशंकर शुक्ल वार्ड के रावाभाठा इलाके में मितानिन पुष्पा साहू का मकान है। पुष्पा साहू और उनके परिवार का बीरगांव निवासी विनय देवांगन से परिचय है। बुधवार की शाम विनय मितानिन के घर बैग लेकर पहुंचा था। उसने कहा कि वह बैग अभी कुछ समय के लिए यहां रख रहा है और बाद में ले जाएगा। इसके बाद वह वहां से चला गया। मितानिन को इस पर शक हुआ, तो उसने वार्ड पार्षद अश्वनी यादव को सूचना दी।
स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे पार्षद : सूचना मिलने पर अश्वनी यादव रात में मितानिन के घर पहुंचे और सुबह आने की बात कहकर वहां से रवाना हो गए। बुधवार की सुबह 8 बजे वार्ड पार्षद स्थानीय रहवासियों के साथ मौके पर पहुंचे और बैग खोलकर जांच की। जांच के दौरान उसमें एयर गन और देसी बम बनाने का सामान मिला। इसके बाद पार्षद ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर नॉर्थ जोन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
मामले की जांच पुलिस अधिकारी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि जिस विनय देवांगन का यह सामान बताया जा रहा है, वह कांग्रेस नेता का साला है। पुलिस अब विनय देवांगन से पूछताछ की तैयारी कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur