संसद भवन में आत्मीय मुलाकातःमंत्री जायसवाल ने पीएम को दिया बेटी की शादी का न्यौता
- प्रधानमंत्री से मिला आशीर्वाद,मंत्री जायसवाल की बेटी की शादी बनी खास…
- प्रधानमंत्री का स्नेह अभिभावक जैसा—बिटिया के विवाह पर बोले मंत्री जायसवाल
- न्यौता लेकर पीएम दरबार पहुंचे मंत्री,आत्मीय मुलाकात बनी यादगार…
- राजनीति से परे रिश्तों की झलक : मंत्री ने पीएम को दिया बेटी की शादी का कार्ड
-संवाददाता-
मनेंद्रगढ़,27 मार्च 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल के परिवार में खुशियों का माहौल है, उनकी सुपुत्री डॉ. कंचन जायसवाल के विवाह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, इसी विशेष अवसर को और अधिक यादगार बनाने के लिए मंत्री जायसवाल अपने पूरे परिवार के साथ देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने दिल्ली पहुंचे। संसद भवन में हुई इस आत्मीय भेंट ने इस पारिवारिक अवसर को राष्ट्रीय महत्व की गरिमा से भी जोड़ दिया।
संसद भवन में आत्मीयता भरी मुलाकात
दिल्ली स्थित संसद भवन में हुई इस मुलाकात का माहौल औपचारिक कम और पारिवारिक अधिक नजर आया। मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल अपनी पत्नी कांति जायसवाल, बेटी डॉ. कंचन जायसवाल और पुत्र उत्तम व अमित जायसवाल के साथ प्रधानमंत्री के समक्ष उपस्थित हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परिवार का आत्मीय स्वागत किया और बेहद सहजता के साथ सभी से संवाद किया। उन्होंने डॉ. कंचन जायसवाल को आशीर्वाद देते हुए उनके वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं, यह मुलाकात केवल एक निमंत्रण देने तक सीमित नहीं रही, बल्कि एक ऐसे क्षण में बदल गई, जहां देश के सर्वोच्च पद पर आसीन व्यक्ति का स्नेहिल और पारिवारिक रूप सामने आया।
भावनात्मक क्षण : पिता के लिए गर्व का अवसर
एक पिता के लिए बेटी का विवाह जीवन का सबसे महत्वपूर्ण और भावनात्मक पड़ाव होता है। मंत्री जायसवाल के लिए भी यह अवसर कुछ ऐसा ही रहा, प्रधानमंत्री के समक्ष अपनी पुत्री के विवाह का निमंत्रण देना उनके लिए गर्व और भावनाओं से भरा पल था। जब प्रधानमंत्री ने बिटिया के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया, तो वह क्षण पूरे परिवार के लिए अविस्मरणीय बन गया,परिवार के सदस्यों के चेहरे पर खुशी और संतोष स्पष्ट दिखाई दे रहा था। यह मुलाकात उनके लिए जीवनभर संजोकर रखने वाली स्मृति बन गई।
‘प्रधानमंत्री का स्नेह दिल जीतने वाला ‘जायसवाल
मुलाकात के बाद मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा— ‘प्रधानमंत्री जी का व्यक्तित्व जितना प्रेरणादायक है, उतना ही उनका व्यवहार स्नेहिल और आत्मीय है। एक अभिभावक के रूप में उन्होंने जो आशीर्वाद दिया, वह हमारी बिटिया के लिए अनमोल है। यह हमारे परिवार के लिए गौरव का क्षण है।’ उनके इस वक्तव्य से स्पष्ट होता है कि यह मुलाकात केवल राजनीतिक शिष्टाचार नहीं,बल्कि एक भावनात्मक अनुभव भी थी।
इंदौर के पायलट संग तय हुआ रिश्ता
डॉ. कंचन जायसवाल का विवाह इंदौर के एक पायलट के साथ तय हुआ है,विवाह की तिथि 26 अप्रैल निर्धारित की गई है,शादी की तैयारियां इन दिनों पूरे जोरों पर हैं। परिवार और रिश्तेदार इस शुभ अवसर को भव्य और यादगार बनाने में जुटे हुए हैं,बताया जा रहा है कि यह विवाह समारोह सामाजिक और राजनीतिक दृष्टि से भी खास रहेगा,जिसमें छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के कई प्रमुख नेता, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हो सकते हैं।
दिल्ली दौरे में दिग्गज नेताओं को भी न्यौता
प्रधानमंत्री से भेंट के बाद मंत्री जायसवाल का दिल्ली दौरा यहीं समाप्त नहीं होगा,वे इस अवसर का उपयोग करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ प्रभारी और कई केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे,वे सभी वरिष्ठ नेताओं को व्यक्तिगत रूप से विवाह का निमंत्रण पत्र सौंपेंगे, जिससे इस आयोजन में देश की राजनीति के कई बड़े नामों की उपस्थिति की संभावना बढ़ गई है।
निजी रिश्तों में भी झलकती भारतीय परंपरा
यह पूरा घटनाक्रम भारतीय संस्कृति और परंपरा की उस खूबसूरती को दर्शाता है, जहां बड़े से बड़ा पद और जिम्मेदारी भी पारिवारिक मूल्यों के सामने विनम्र हो जाती है,प्रधानमंत्री से मिलकर विवाह का निमंत्रण देना केवल औपचारिकता नहीं,बल्कि सम्मान और संस्कार का प्रतीक है,यह परंपरा भारतीय समाज में आज भी जीवित है,जहां शुभ अवसरों पर बड़ों का आशीर्वाद लेना आवश्यक माना जाता है।
राजनीति से परे एक पारिवारिक क्षण
मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई यह मुलाकात राजनीति से कहीं अधिक एक पारिवारिक और मानवीय क्षण के रूप में सामने आई,यह घटना बताती है कि सार्वजनिक जीवन की व्यस्तताओं के बीच भी पारिवारिक संबंधों,संस्कारों और भावनाओं का अपना विशेष महत्व बना रहता है,डॉ. कंचन जायसवाल के विवाह को लेकर अब न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। प्रधानमंत्री का आशीर्वाद इस शुभ अवसर को और भी विशेष बना गया है…एक ऐसा पल,जो परिवार के साथ-साथ जनमानस में भी चर्चा का विषय बन गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur