रायपुर,21 मार्च 2026। कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के विरुद्ध अपनी अनवरत मुहिम के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता अर्जित की है। डीसीपी (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल एवं डीसीपी (साइबर) स्मृतिक राजनाला के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के पर्यवेक्षण तथा एसीपी आज़ाद चौक ईशू अग्रवाल (भा.पु.से.) के नेतृत्व में गठित थाना कबीरनगर, आमानाका व साइबर की संयुक्त टीम ने पंजाब प्रांत में जाकर अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी के विभिन्न सक्रिय सिंडिकेट्स का भंडाफोड़ किया। इस कार्यवाही में चार मुख्य आरोपियों को जो रायपुर के विभिन्न थानों के प्रकरणों में फरार चल रहे थे को हेरोइन,अवैध शस्त्र एवं जिंदा कारतूस समेत गिरफ्तार किया गया। कमिश्नरेट पुलिस द्वारा विगत कई माहों से हेरोइन चिट्टा आपूर्तिकर्ताओं के विरुद्ध निरंतर कार्यवाही की जा रही है। विभिन्न मामलों की जाँच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि रायपुर में हेरोइन की आपूर्ति का मुख्य स्रोत पंजाब प्रांत है। सभी प्रमुख सप्लायर पंजाब से माल लाकर रायपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में वितरित करते थे। पुलिस ने केवल स्थानीय वितरकों तक सीमित न रहते हुए संपूर्ण आपूर्ति श्रृंखला का गहन अन्वेषण किया। रायपुर में हेरोइन पकड़े जाने के प्रत्येक मामले में उसके स्रोत तक पहुँचने का व्यवस्थित प्रयास किया गया। अन्वेषण दल ने तकनीकी साक्ष्यों, दूरसंचार विश्लेषण एवं मानव स्रोतों के माध्यम से आपूर्ति श्रृंखला की प्रत्येक कड़ी — स्थानीय वितरक से लेकर अंतरराज्यीय वाहक, और वाहक से लेकर पंजाब स्थित मूल सप्लायर तक — को चिन्हित किया और उन्हें उनके गृह प्रांत में जाकर गिरफ्तार किया। पूर्व में गिरफ़्तार किए गए रुपिंदर उर्फ पाब्लो गैंग के सदस्यों की जाँच के दौरान सामने आया कि कवलजीत सिंग पन्नू इस तस्करी श्रृंखला में एक ‘टियर-1’ अर्थात् सर्वोच्च स्तर का सप्लायर था। वह पाकिस्तान से सटे पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय तस्करी नेटवर्क से सीधे हेरोइन की खरीद करता था। इस प्रकार वह आपूर्ति श्रृंखला की सबसे ऊपरी कड़ी के रूप में कार्य करते हुए रुपिंदर जैसे वितरकों को हेरोइन उपलब्ध कराता था,जो आगे रायपुर जैसे दूरस्थ शहरों में माल पहुँचाते थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur