Breaking News

रायपुर@मनरेगा-सिलेंडर की कीमतों पर कांग्रेस ने विधानसभा घेरा….

Share


2028 में छत्तीसगढ़ में बनेगी कांग्रेस की सरकार : भूपेश बघेल
रायपुर,17 मार्च 2026। मनरेगा का नाम बदलने, सिलेंडर की बढ़ी कीमतों समेत कई मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने विधानसभा का घेराव किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता ने नाली से गैस चूल्हा जोड़कर चाय बनाकर विरोध जताया। बैरिकेड्स तोड़कर कार्यकर्ताओं ने विधानसभा कूच किया। पुलिस प्रशासन ने टीन का शेड लगाकर कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका। इसमें प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व सीएम भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान भूपेश बघेल ने मोदी सरकार पर निशाना साधा और 2029 में राहुल गांधी के पीएम बनने की बात कही। उन्होंने कहा कि 2028 में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनेगी और 2029 में राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे, तब हम डेढ़ गुना मनरेगा की राशि देंगे। यह प्रदर्शन राज्य में विपक्ष के रूप में कांग्रेस की नई रणनीति और सक्रियता को दर्शाता है। मनरेगा, बिजली दरों में वृद्धि और कानून व्यवस्था जैसे सीधे जनता से जुड़े मुद्दों को उठाकर कांग्रेस ने सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश की है, जिससे आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में गर्माहट बढ़ना तय है।
अफीम की खेती और
महंगाई पर सरकार को घेरा

कांग्रेस का यह ‘विधानसभा घेराव’ मुख्य रूप से ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत आयोजित किया गया। नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अवैध अफीम की खेती फल-फूल रही है और सरकार दोषियों को संरक्षण दे रही है। इसके साथ ही गैस सिलेंडर के बढ़ते दाम,बिजली कटौती और धान खरीदी में हुई कथित वादाखिलाफी को लेकर कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे हैं। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने रायपुर के मरीन ड्राइव से लेकर विधानसभा मार्ग तक कड़े बंदोबस्त किए और कई जगहों पर बैरिकेड्स लगाए गए। प्रदर्शन स्थल को लेकर प्रशासन और कांग्रेस के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने पुलिस घेरे को तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सरकार और गरीबों के बीच की खाई को पाटने का काम किया है,लेकिन वर्तमान सरकार इसे बढ़ा रही है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा…हम गरीबों के लिए जिएंगे और उन्हीं के लिए मरेंगे,लेकिन उनके अधिकारों का हनन नहीं होने देंगे। कार्यकर्ताओं ने दीपक बैज को बैरिकैट्स पर चढ़ाया। बैज ने कहा सरकार ने टिन का शेड लगाकर हमें आगे जाने से रोक दिया। लॉ एंड ऑर्डर हम नहीं तोड़ना चाहते। इसलिए हमारा विधानसभा घेराव सपंन्न हुआ। सचिन पायलट बोले ऐसा पहली बार हो रहा है कि अमेरिका के दबाव में भारत आ गया है। अगर बाजपेयी जी की सरकार होती को ऐसा कभी नहीं होता।
मंदिर-मस्जिद की आड़ में अब वोट नहीं मिलेगा,रायपुर में गरजे सचिन पायलट
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के विधानसभा घेराव में शामिल होने पहुंचे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पायलट ने कहा कि भाजपा को यह गलतफहमी है कि वह मंदिर-मस्जिद की आड़ लेकर जनता का वोट पा लेगी, जबकि जनता अब उनके अत्याचार और शोषण को समझ चुकी है। सचिन पायलट ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि मनरेगा का 90 प्रतिशत पैसा केंद्र से आता था, लेकिन अब निर्णयों का केंद्रीकरण कर पूरी योजना को कंट्रोल किया जा रहा है। उन्होंने विदेशी नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि भारत के निर्णय बाहरी ताकतों के दबाव में दिख रहे हैं, चाहे वह रूस से तेल लेने का मामला हो या युद्ध पर विराम लगाने की बात। पायलट ने भूपेश बघेल की तारीफ करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हो रही अवैध अफीम की खेती को उजागर कर सरकार की पोल खोल दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में एलपीजी की भारी किल्लत और कालाबाजारी हो रही है,लेकिन सरकार के आंख-कान बंद हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि धरना और प्रदर्शन से भले ही इमारतें न टूटें, लेकिन जनता की जागृत शक्ति किसी भी अहंकारी सरकार को उखाड़ फेंकने में सक्षम है।
भूपेश ने कहा…नरेंद्र भी गायब और सिलेंडर भी गायब
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार किया और कहा कि देश और प्रदेश में आज गैस सिलेंडर की भारी किल्लत है और इसके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने संबोधन में राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब से बीजेपी की सरकार आई है, छत्तीसगढ़ के युवाओं को नशे में धकेला जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में तीन जगहों पर अफीम की खेती पकड़ी गई है और यदि इसे नहीं रोका गया तो भविष्य में यह 100 गुना बढ़ जाएगी। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने भी मनरेगा बचाओ संग्राम के जरिए बिजली दरों में बढ़ोतरी और धान खरीदी में वादाखिलाफी को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। प्रमुख मुद्देः मनरेगा योजना में कटौती, अफीम की अवैध खेती, गैस और बिजली के बढ़ते दाम।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का ताला

Share प्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी अटकी-आदिवासी परिवारों पर दोहरी मारप्रतापपुर, 23 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply