24 करोड़ की संपत्ति अटैच,अधिग्रहित जमीन को दोबारा अधिग्रहण दिखाकर मुआवजा बांटा था…
रायपुर,17 मार्च 2026। भारत माला परियोजना के मुआवजा घोटाला मामले में ईओडब्ल्यू ने तत्कालीन एसडीएम निर्भय साहू को गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने उसे 30 मार्च तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। ईडी ने निर्भय की 23.35 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्तियों को अटैच किया है। जांच में पाया गया कि निभर्य साहू ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अधीनस्थ पटवारी, राजस्व निरीक्षक और अन्य सहयोगियों के साथ मिलीभगत कर घोटाले को अंजाम दिया था। इस दौरान अभनपुर तहसील के ग्राम नायकबांधा,उगेटरा,उरला, भेलवाडीह और टोकरो की प्रभावित भूमि को बैकडेट में कई खंडों में विभाजित किया। इसके माध्यम से वास्तविक मुआवजे से कई गुना अधिक राशि का वितरण किया गया। इतना ही नहीं, पहले से अधिग्रहित भूमि को भी दोबारा अधिग्रहण दिखाकर मुआवजा वितरित किया गया, जिससे शासन को करोड़ों का नुकसान हुआ।
लंबे समय से फरार चल रहा था…
बताया जा रहा है कि आरोपी की जमानत याचिका सुप्रीम कोर्ट से निरस्त हो चुकी थी और उसके खिलाफ विशेष न्यायालय से स्थायी गिरफ्तारी वारंट भी जारी था। इसके बावजूद निलंबित एसडीएम लगातार लंबे समय से फरार चल रहा था।
प्रवर्तन निदेशालय ने 23 करोड़ की प्रॉपर्टी की अटैच : इस घाटाले में प्रवर्तन निदेशालय ने 23.35 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्तियों को अटैच किया है। प्रवर्तन निदेशालय की रायपुर जोनल ऑफिस की जांच में सामने आया है कि,रायपुर-विशाखापट्टनम नेशनल हाईवे के लिए भूमि अधिग्रहण में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा किया गया। इस मामले की शुरुआती जांच ईओडब्ल्यू /एसीबीकी तरफ से दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू हुई थी।
फर्जी दस्तावेजों से बढ़ाया मुआवजा
जांच में खुलासा हुआ है कि, जमीन दलालों, निजी व्यक्तियों और कुछ सरकारी अधिकारियों ने मिलकर साजिश रची। जमीनों को फर्जी तरीके से छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर और राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर कर वास्तविक मुआवजे से कई गुना अधिक रकम हासिल की गई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur