रायपुर,16 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार अपने कार्यकाल का एक और महत्वपूर्ण बजट पेश करने के लिए पूरी तरह तैयार है। राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का आगामी बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होगा। सत्र के दूसरे दिन, यानी 24 फरवरी को राज्य का वार्षिक बजट सदन की पटल पर रखा जाएगा। ‘ज्ञान-गति’ थीम की सफलता के बाद, इस बार भी बजट को एक नई और प्रभावशाली थीम के साथ पेश करने की तैयारी है, जो राज्य के विजन को दर्शाएगी।
महिला, युवा और किसानों
के इर्द-गिर्द केंद्रित होगा बजट
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बजट की रूपरेखा साझा करते हुए कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाना है। इस बार के बजट में विशेष रूप से महिलाओं, युवाओं और किसानों के कल्याण के लिए बड़ी योजनाओं की घोषणा हो सकती है। सरकार की प्राथमिकता जनहितकारी योजनाओं को अधिक मजबूत और पारदर्शी बनाना है, ताकि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके। वित्त मंत्री के अनुसार, यह बजट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करने वाला ‘रोडमैप’ साबित होगा।
राज्यपाल के अभिभाषण से होगी सत्र की शुरुआत : छत्तीसगढ़ विधानसभा का यह बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च तक चलेगा। लगभग एक महीने तक चलने वाले इस सत्र में कुल 15 बैठकें आयोजित की जाएंगी। सत्र के पहले दिन राज्यपाल रमेन डेका सदन को संबोधित करेंगे। अपने अभिभाषण में राज्यपाल सरकार की अब तक की उपलब्धियों, आगामी नीतियों और राज्य के विकास के लिए निर्धारित लक्ष्यों का विवरण प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद सदन में वित्तीय वर्ष 2026-27 के आय-व्यय पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
इंफ्रास्ट्रक्चर और शहरी विकास को मिलेगी नई रफ्तार : सूत्रों के अनुसार, आगामी बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। राज्य के छोटे और मध्यम शहरों के कायाकल्प के लिए सरकार ‘रिंग रोड’ बनाने की योजना पर काम कर रही है। प्रदेश की बड़ी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों में सुगम यातायात के लिए रिंग रोड निर्माण हेतु लगभग 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया जा सकता है। इसके अलावा,नवा रायपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में छत्तीसगढ़ के गौरव शहीद वीर नारायण सिंह की भव्य प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय भी लिया गया है।
खेल सुविधाओं और शिक्षा पर विशेष निवेश
सरकार खेलों के प्रति युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए खेल अधोसंरचना पर भी भारी निवेश करने जा रही है। बजट में पखांजूर में खेल परिसर की स्थापना और दुलदुला में मिनी इंडोर स्टेडियम के निर्माण का प्रस्ताव है। साथ ही, दुर्ग और सारंगढ़ के इंडोर स्टेडियमों के नवीनीकरण और शेष कार्यों को पूरा करने के लिए विशेष फंड आवंटित किया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में, प्रदेश के उन जिलों में जहाँ अब तक ‘नालंदा लाइब्रेरी’ नहीं खुली है, वहां आधुनिक पुस्तकालयों के निर्माण के लिए बजट का प्रावधान किया गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur