Breaking News

रायपुर@सालों से प्रॉपर्टी टैक्स न देने वालों पर निगम सख्त…

Share

26 बकायादारों की प्रॉपर्टी सील,नल कनेक्शन काटे गए
रायपुर,08 फरवरी 2026। रायपुर नगर निगम ने वर्षों से लंबित बकाया राशि नहीं चुकाने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाई है । डिमांड बिल, डिमांड नोटिस और अंतिम नोटिस के बाद भी भुगतान नहीं करने पर चार वार्डों के 26 बकायादारों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 6 बकायादारों का नल कनेक्शन काटा गया। वहीं सीलबंदी की कार्रवाई के बीच 2 बकायादारों ने मौके पर ही पूरा बकाया जमा कर दिया, जबकि 2 अन्य ने आंशिक भुगतान किया। 12 बकायादारों ने 9 फरवरी तक और एक बकायादार ने 15 फरवरी तक पूरा बकाया चुकाने का लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई अस्थायी रूप से स्थगित की गई। नगर निगम की टीम ने जोन-4 के डॉ. विपिन बिहारी सूर वार्ड (64),स्वामी विवेकानंद सदर बाजार वार्ड (44),पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड (34) और सिविल लाइन वार्ड (46) में यह कार्रवाई की। इस दौरान लाखों रुपये के बकाया मामलों में नल विच्छेदन और सीलबंदी की प्रक्रिया अपनाई गई। निगम अधिकारियों के मुताबिक, बकाया वसूली को लेकर आगे भी इसी तरह सख्ती जारी रहेगी। समय पर भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने बकायादारों से अपील की है कि वे तय समय-सीमा में अपना बकाया जमा कर दंडात्मक कार्रवाई से बचें। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने कहा कि, प्रॉपर्टी टैक्स वसूली में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी 10 जोनों को आदेश दिए हैं कि, बड़े बकायेदारों को तुरंत डिमांड बिल सहित नोटिस जारी किए जाएं और राजस्व वसूली में तेजी लाई जाए। जिसके बाद गौरव गार्डन,मधुबन,ओमाया और अमायरा में सर्वे कर प्रॉपर्टी टैक्स की जांच की गई।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का ताला

Share प्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी अटकी-आदिवासी परिवारों पर दोहरी मारप्रतापपुर, 23 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply