रेलवे स्टेशनों का होगा पुनर्निर्माण,नेशनल हाईवे कॉरिडोर से सुधरेगी कनेक्टिविटी : केंद्रीय मंत्री खट्टर
रायपुर,08 फरवरी 2026। केंद्रीय ऊर्जा, आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर रविवार को रायपुर पहुंचे। सिविल लाइन स्थित न्यू सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जिसमें उन्होंने केंद्रीय बजट को लेकर कहा कि, इससे छत्तीसगढ़ में हवाई,रेल और सड़क कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा…कि,आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। अब जर्मनी को पीछे छोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। दुनिया के 4-5 प्रमुख देशों में भारत का नाम मजबूती से लिया जा रहा है, जो मजबूत आर्थिक नीतियों का परिणाम है।
छत्तीसगढ़ में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ेगी : मनोहर लाल खट्टर ने बताया कि, छत्तीसगढ़ में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है। उड़ान योजना के तहत जगदलपुर, बिलासपुर और अंबिकापुर से हवाई सेवाएं शुरू की गई हैं। इसके साथ ही रायपुर के स्वामी विवेकानंद विमानतल को कृषि उड़ान योजना में शामिल किया गया है,जिससे कृषि उत्पादों का तेज़ी से परिवहन संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि, बजट में देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है। सेमीकंडक्टर मिशन के लिए 10 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर के लिए 40 हजार करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। इसका सीधा लाभ औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन के रूप में मिलेगा।
छत्तीसगढ़ में एनएच कॉरिडोर को मंजूरी
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि, 2014 के बाद से छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास को प्राथमिकता दी गई है। अब तक 3,400 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया जा चुका है। भारतमाला परियोजना के तहत राज्य में 571 किलोमीटर से अधिक नेशनल हाईवे कॉरिडोर को मंजूरी दी गई है, जिससे राज्य की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। उन्होंने आगे कहा कि,रेलवे स्टेशनों के पुनर्निर्माण,वेयरहाउसिंग के विस्तार और डेडिकेटेड इंडस्टि्रयल पार्क की स्थापना पर भी काम किया जाएगा। कैपिटल ग्रुप्स बढ़ाने और हाईटेक मशीनरी निर्माण के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे छत्तीसगढ़ विकास की नई राह पर आगे बढ़ेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur