Breaking News

एमसीबी@आईपीएस रत्ना सिंह होंगी मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले की नई एसपी

Share

आईपीएस रत्ना सिंह: इंजीनियरिंग से पुलिस सेवा तक एक प्रेरणादायक सफर
छत्तीसगढ़ सरकार ने 7 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए, गृह विभाग ने जारी किया आदेश

एमसीबी,24 अक्टूबर 2025 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने मंगलवार को भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के सात अधिकारियों का स्थानांतरण आदेश जारी किया है। जारी सूची में आईपीएस रत्ना सिंह (बैच 2019) को पुलिस अधीक्षक,मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) के रूप में पदस्थ किया गया है। रत्ना सिंह इससे पहले सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर के पद पर कार्यरत थीं। आदेश के अनुसार, वे अब एसपी एमसीबी का कार्यभार संभालेंगी। स्थानांतरण सूची में अन्य अधिकारियों में मोहित गर्ग (2013) को पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महा निरीक्षक,चन्द्रमोहन सिंह (2014) को निदेशक, प्रशिक्षण/ऑपरेशन,रायपुर, तथा अंकिता शर्मा (2018) को एसपी, राजनांदगांव बनाया गया है। इसके अलावा यदुवेन्द्र सिंह (2018), प्रफुल्ल ठाकुर (2015) और पंकज चंद्रा (2015) के भी तबादले किए गए हैं। राज्य सरकार के अनुसार यह तबादला आदेश प्रशासनिक कारणों से जारी किया गया है और संबंधित अधिकारी आगामी आदेश तक अपने नवनियुक्त पद पर कार्यभार ग्रहण करेंगे।
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की नई एसपी के रूप में संभालेंगी जिम्मेदारी
तकनीकी शिक्षा से लेकर प्रशासनिक सेवा तक का सफर तय करने वाली आईपीएस रत्ना सिंह (2019 बैच, छत्तीसगढ़ कैडर) आज राज्य पुलिस की उन युवा अधिकारियों में शामिल हैं जिन्होंने अपनी मेहनत और कार्यकुशलता से कम समय में उल्लेखनीय पहचान बनाई है। हाल ही में राज्य सरकार ने उन्हें मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है।
शिक्षा और प्रारंभिक जीवन
रत्ना सिंह का जन्म 12 मई 1993 को हुआ। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर की निवासी हैं। उनके पिता एक बैंक मैनेजर तथा माता जीएसटी विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर रही हैं। उन्होंने कानपुर से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की और आगे चलकर इलाहाबाद के हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की। इंजीनियरिंग के बाद उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण कर 2019 में भारतीय पुलिस सेवा में चयन पाया।
प्रोफेशनल करियर
रत्ना सिंह ने 16 दिसंबर 2019 को सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सेवा जॉइन की। फील्ड ट्रेनिंग के दौरान उन्होंने रायपुर में कार्य किया,जहां वे सिविल लाइन थाना और सीएसपी आजाद चौक में रहीं। बाद में उन्हें महासमुंद जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑपरेशन) के रूप में नियुक्त किया गया। उनका पहला स्वतंत्र पदस्थापन महासमुंद-जबागढ़ क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक के रूप में रहा। हाल तक वे सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर के पद पर पदस्थ थी, अब उन्हें राज्य शासन द्वारा एमसीबी जिले की नई पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
व्यक्तिगत जीवन
आईपीएस रत्ना सिंह का विवाह आईएएस अमृतांशु से हुआ है, जो झारखंड कैडर के अधिकारी हैं। अमृतांशु मूलतः बिहार के चंपारण जिले के निवासी हैं। दोनों की मुलाकात दिल्ली में यूपीएससी की तैयारी के दौरान हुई थी, जो बाद में विवाह में परिवर्तित हुई।
जनसेवा के प्रति समर्पण
रत्ना सिंह अपने सख्त अनुशासन, संवेदनशील पुलिसिंग और जनता से संवाद की नीति के लिए जानी जाती हैं। उनका कहना है कि कानून-व्यवस्था और जनविश्वास, दोनों को साथ लेकर चलना ही सच्ची पुलिस सेवा है।


Share

Check Also

एमसीबी,@स्वास्थ्य सेवाओं में मनेंद्रगढ़ अस्पताल की उल्लेखनीय उपलब्धि : तीन माह में 1827 मरीजों को मिला उपचार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सर्वाधिक सफलता

Share -संवाददाता-एमसीबी,24 अक्टूबर 2025 (घटती-घटना)। स्वास्थ्य मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्री श्याम बिहारी जायसवाल के …

Leave a Reply