घर लौटे सदस्यों ने सुनाया दुखड़ा
रायपुर, 11 नवम्बर 2021 (ए) । नगरी प्रशासन मंत्री एवं आरंग विधायक शिव कुमार डहरिया ने आरंग विधानसभा क्षेत्र के दो जनपद सदस्यों को कांग्रेस में प्रवेश दिलाया। घर वापसी के बाद दोनों जनपद सदस्यों ने अपना दुखड़ा सुनाते हुए भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली घुमाने ले जाने के बहाने बीजेपी का गमछा पहनाकर फोटो खींच लिया।
नगरी प्रशासन मंत्री एवं आरंग विधायक शिव कुमार डहरिया ने आरंग विधानसभा क्षेत्र के मधु विकास टण्डन जनपद सदस्य आरंग क्षेत्र क्र. 19, इन्द्रा टीका पटेल आरंग क्षेत्र क्र. 20, नेहा दीपेन्द्र वर्मा आरंग क्षेत्र क्र. 18, 4 जनपद सदस्य एवं कार्यकर्ताओं को कांग्रेस का तिरंगा गमछा पहनाकर कांग्रेस की सदस्यता दिलाई।
कांग्रेस प्रवेश करने वाले जनपद सदस्य कुछ दिन पहले ही दिल्ली में भाजपा के प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी के सामने भाजपा में प्रवेश किए थे। इस दौरान कांग्रेस प्रवेश करने वाले जनपद सदस्यों ने आरोप लगाया कि उन्हें दिल्ली घुमाने के बहाने ले जाया गया था और धोखे से डी. पुरंदेश्वरी के सामने खड़े करा कर फोटो खींची गई एवं भाजपा का गमछा पहना दिया गया।
भाजपा आरंग का विकास देखकर भयभीत हैं
विधायक शिव कुमार डहरिया ने कहा कि भाजपा आरंग के विकास को देखकर भयभीत है। उन्होंने कहा कि, आरंग विकास के नया अध्याय लिख रहे है। भाजपा लगातार आरंग में फर्जी तरीके से एवं अफवाह फैला कर गुमराह कर आम लोगों को भाजपा का सदस्यता दिलाने की बात कर रही है। जबकि सच्चाई यह है कि आरंग विधानसभा क्षेत्र के भाजपा के जुड़े लोग ही अब भाजपा को छोड़कर कांग्रेस की ओर रुख कर रहे हैं। कांग्रेस सरकार में अनुसूचित जाति जनजाति, पिछड़ा वर्ग सामान्य वर्ग सभी का मान सम्मान है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur