- कुंवारपुर वन परिक्षेत्र में तेंदुए ने महीने के शुरुआती हफ्ते में वृद्धा को मार,10 दिन पूर्व घर के आंगन में घुसकर 8 वर्षीय बालक को दबोच
- मां और दादी के शोर मचाने पर भाग निकला था तेंदुआ
–रवि सिंह –
बैकुण्ठपुर/जनकपुर 31 दिसम्बर 2022 (घटती-घटना)। कुंवारपुर वन परिक्षेत्र में तेंदुए ने इसी महीने के शुरुआती हफ्ते में वृद्धा को मार डाला था, 10 दिन पूर्व घर के आंगन में घुसकर 8 वर्षीय बालक को दबोच लिया था मां और दादी के हल्ला मचाने पर भाग निकला था तेंदुआ। कुंवारपुर वनपरिक्षेत्र में विचरण कर रहा तेंदुआ अब जनहानि पहुंचाने लगा था।
ज्ञात हो की कुछ दिन पूर्व ही उसने एक वृद्धा को मार डाला था, इस घटना के 10 दिन बाद ही उसने घर के आंगन में घुसकर 8 वर्षीय बालक को दबोच लिया था। गनीमत रही कि वह आंगन की दीवार की ऊंचाई को फांद नहीं पाया, अन्यथा बालक की जान जा सकती थी। जनहानि को देखते हुए वन विभाग द्वारा तेंदुए को पकडऩे का प्लान बनाया गया है। उन्होंने एक बलि का बकरा खोजा है। विभाग द्वारा पिंजरे में बकरे को बांधकर जंगल के बीच रखा गया है। फिलहाल तीन दिन से वन अमला बकरे को पिंजरे में चारा-पानी देकर तेंदुए के फंसने का इंतजार कर रहा है।
तेंदुए को पकडऩे पास के जंगल में 2 पिंजरे लगाए गए
वन विभाग का कहना है कि खूंखार तेंदुआ अब जनहानि पहुंचाने लगा है पखवाड़ेभर के भीतर एक वृद्ध महिला को मार डाला था, जबकि एक बच्चे पर हमला कर दिया था। मामले में फॉरेस्ट टीम लगातार प्रभावित एरिया में पेट्रोलिंग कर रही है। वहीं खूंखार तेंदुए को पकडऩे पास के जंगल में 2 पिंजरे लगाए गए हैं। ये दोनों पिंजरे कुंवारपुर वनपरिक्षेत्र के ग्राम आरा व ककरेड़ी जंगल में रखे गए हैं। ग्राम आरा में लगे पिंजरे में एक बकरा बांधकर रखा गया है। वन कर्मी रोजाना बकरे को खाना खिला रहे हैं। ऐसी चर्चा है कि जिस बकरे को पिंजरे में रखा गया है, उसे वन विभाग द्वारा 5 हजार रुपए में खरीदा गया है।
कहीं लोमड़ी-सियार या अन्य जानवर न फंस जाए पिंजरे में
वन विभाग का दावा है कि पिंजड़े में बकरा बांधकर जंगल में रखा गया है। साथ ही लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि कड़ाके की ठंड में रात को कर्मचारी जंगल से चले जाते होंगे। ऐसी स्थिति में लोमड़ी-सियार या अन्य कोई जानवर न फंस जाए।
रामसागर गुप्ता, प्रभारी रेंजर वनपरिक्षेत्र कुंवारपुर
तेंदुए को पकडऩे ग्राम ककरेड़ी और आरा जंगल में दो पिंजड़ा रखा गया है। आरा के कक्ष क्रमांक 1180 में रखे पिंजड़े में एक बकरा बांधा गया है जिससे तेंदुआ शिकार करने आएगा और पिंजड़े में फंस जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur