स्वर्गीय कोरिया कुमार के करीबी रहे ओमकार पांडे के घर पहुंचे मंत्री…बेटी की उपलब्धि पर दी बधाई…
शिक्षा के सितारों का सम्मानः पूनम पांडे और जया मिश्रा को स्वास्थ्य मंत्री ने भेंट किया मोमेंटो
-संवाददाता-
बैकुंठपुर,25 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राज्यपाल पुरस्कार 2026 से सम्मानित कोरिया जिले की दो शिक्षिकाओं के लिए सम्मान और बधाई का सिलसिला जारी है, इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल 24 अक्टूबर 2026 को बैकुण्ठपुर में शिक्षिका पूनम पांडे के निवास पर पहुंचे,उन्होंने पूनम पांडे और राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका जया मिश्रा को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की,स्वास्थ्य मंत्री का यह दौरा इसलिए भी चर्चा में रहा कि पूनम पांडे के पिता ओमकार पांडे क्षेत्र के पुराने कांग्रेसी हैं और स्वर्गीय कोरिया कुमार के करीबी लोगों में गिने जाते रहे हैं, ओमकार पांडे के निवास पर पहुंचकर मंत्री ने उनकी बेटी की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई और परिवार को बधाई दी,यह मुलाकात शिक्षा के क्षेत्र में हासिल उपलब्धि के सम्मान के साथ स्थानीय सामाजिक और राजनीतिक संबंधों के लिहाज से भी उल्लेखनीय रही।
दो शिक्षिकाओं ने बढ़ाया जिले का गौरव
राज्यपाल पुरस्कार 2026 से सम्मानित शिक्षिकाओं में पूनम पाण्डेय, प्रधान पाठक, शासकीय जनपद कन्या प्राथमिक शाला, बैकुण्ठपुर तथा जया मिश्रा,सहायक शिक्षक, शासकीय पीएम श्री प्राथमिक शाला,बुढ़ार, बैकुण्ठपुर शामिल हैं,दोनों शिक्षिकाओं को यह सम्मान मिलने से जिले के शिक्षा जगत में गौरव का वातावरण है,स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दोनों शिक्षिकाओं को मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं,उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की,किसी शिक्षक की मेहनत और समर्पण को राज्यस्तरीय सम्मान मिलना न केवल संबंधित शिक्षक के लिए,बल्कि उस विद्यालय, विद्यार्थियों और पूरे जिले के लिए गौरव का विषय होता है।
शिक्षक समाज और भविष्य की पीढ़ी के निर्माण की मजबूत कड़ी
शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित नहीं होते, बल्कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन, ज्ञान और आत्मविश्वास विकसित करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं, प्राथमिक शिक्षा के स्तर पर शिक्षकों का योगदान बच्चों की बुनियाद मजबूत करने के लिहाज से विशेष महत्व रखता है, ऐसे में पूनम पांडे और जया मिश्रा को राज्यपाल पुरस्कार मिलना उनके शैक्षणिक योगदान और कर्तव्यनिष्ठा की महत्वपूर्ण उपलब्धि है, दोनों शिक्षिकाओं का सम्मान जिले के अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणा का संदेश है, स्वास्थ्य मंत्री द्वारा उनके निवास पर पहुंचकर सम्मानित करना इस उपलब्धि के प्रति सम्मान प्रकट करने का अवसर बना, कोरिया जिले की इन दोनों शिक्षिकाओं ने राज्यपाल पुरस्कार हासिल कर जिले की शैक्षणिक प्रतिष्ठा को गौरवान्वित किया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur