सप्रे स्कूल ग्राउंड से महिला थाना चौक तक निकलेगी रैली,एसआईआर और संवैधानिक संस्थाओं के मुद्दे उठाएंगे
रायपुर,25 अक्टूबर 2026। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) रायपुर महानगर की ओर से 26 अक्टूबर को ‘अराजकता रोको-लोकतंत्र अपनाओ’ अभियान के तहत विद्यार्थी हुंकार रैली निकाली जाएगी। रैली दोपहर 12ः45 बजे सप्रे स्कूल वॉलीबॉल ग्राउंड से शुरू होकर महिला थाना चौक स्थित जनसंपर्क कार्यालय के सामने तक जाएगी। इसके बाद खुले मंच का आयोजन किया जाएगा। अभाविप के मुताबिक,रैली का उद्देश्य लोकतांत्रिक मूल्यों,संविधान के नियमों और शांतिपूर्ण विरोध के महत्व को बताना है। संगठन का कहना है कि लोकतंत्र में मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन भ्रामक प्रचार, अपमानजनक भाषा और धमकी जैसी गतिविधियां लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ हैं।
एसआईआर और संवैधानिक संस्थाओं के मुद्दे उठाएंगे : संगठन ने बताया कि रैली में एसआईआर के नाम पर लोगों को भ्रमित करने के कथित प्रयास,संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल और संवैधानिक संस्थाओं के प्रति नकारात्मक माहौल बनाने जैसे मुद्दों का विरोध किया जाएगा। इसके साथ ही देश के हालात की तुलना बांग्लादेश और नेपाल से करने संबंधी बयानों पर भी विरोध जताया जाएगा। रैली में अभाविप की पूर्व राष्ट्रीय मंत्री और वर्तमान केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य शालिनी वर्मा और प्रदेश मंत्री अनंत सोनी शामिल होंगे। रैली के बाद महिला थाना चौक पर खुले मंच में वक्ता लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक मर्यादाओं और शांतिपूर्ण विरोध के महत्व पर अपने विचार रखेंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur