प्रतापपुर में पिकअप की टक्कर से दो की गई जान,लखनपुर में बाइक सवार युवक की मौत,
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,24 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा और सूरजपुर जिले में शुक्रवार को हुए दो सडक हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक महिला और दो पुरुष घायल हो गए। प्रतापपुर क्षेत्र के ग्राम करसी के पास पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। वहीं,लखनपुर में एनएच-130 पर पिकअप की टक्कर से एक युवक ने दम तोड़ दिया। घायलों का इलाज जारी है। तीनों मृतक बाइक चलाते या उस पर सवार होते समय हेलमेट नहीं पहने थे। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम करसी के पास शुक्रवार शाम करीब 6.30 बजे तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार, बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर निवासी मनीष यादव (32),शिवकुमार (35) और राजकुमारी बाइक से ग्राम टुकुडांड़ गए थे। वहां से लौटते समय राजपुर की ओर से आ रहे पिकअप क्रमांक यूपी 64 सीटी 4289 ने कथित तौर पर गलत दिशा में आकर उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों सडक पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मनीष यादव की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिवकुमार और राजकुमारी को प्रतापपुर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया,जहां इलाज के दौरान शिवकुमार ने भी दम तोड़ दिया। राजकुमारी का इलाज जारी है। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोडकर फरार हो गया। मृतक मनीष के भाई रूपलाल यादव की शिकायत पर प्रतापपुर पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार,हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है।
लखनपुर में एक युवक की मौत : दूसरा हादसा शुक्रवार रात करीब 8 बजे लखनपुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर हुआ। जानकारी के अनुसार, सिद्धमा निवासी जयपाल कंवर (32) अपने साथी के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में जयपाल की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हेलमेट नहीं पहनना भी बना चिंता का विषय : शुक्रवार को हुए दोनों हादसों में तीन युवकों की जान चली गई। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। तीनों की मौत सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने से होना बताया गया है। हेलमेट सिर की चोट का खतरा कम करने में मदद करता है,इसलिए दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति,दोनों के लिए हेलमेट पहनना जरूरी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur