विंध्य-बुंदेलखंड के लिए नई लाइफलाइन बनेगी रेल कनेक्टिविटी : रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव
भोपाल,24 अक्टूबर 2026। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि विंध्य और बुंदेलखंड के लिए नई लाइफ लाइन बनने का दिन है। ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाले इन क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इससे क्षेत्र के नागरिकों का वर्षों पुराना सपना पूरा हो रहा है। रेल मंत्री वैष्णव शनिवार को नई दिल्ली से मध्य प्रदेश के सतना जिले में सतना-देवेन्द्र नगर एवं रीवा-चुरहट रेल लाइन का उद्घाटन कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के विभिन्न हिस्सों को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने और रेल सुविधाओं के विस्तार का कार्य किया जा रहा है। रेल मंत्री ने कहा कि सतना,देवेन्द्र नगर,रीवा और चुरहट सहित आसपास के क्षेत्रों को इस रेल सुविधा का लाभ मिलेगा। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से विंध्य और बुंदेलखंड में औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा और क्षेत्र में नए औद्योगिक कॉरिडोर के विकास की संभावनाएं बढ़ेंगी।
उन्होंने कहा कि रेल सुविधाओं के विस्तार से चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में लगभग 1.50 लाख करोड़ रुपये के रेलवे प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। प्रदेश के विभिन्न रेलवे स्टेशनों के विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए भी कार्य किए जा रहे हैं। खजुराहो,ग्वालियर सहित अनेक स्टेशनों पर विकास कार्य जारी हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में मध्य प्रदेश में लंबी और छोटी दूरी की 100 से अधिक रेल सेवाएं शुरू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। आने वाले वर्षों में कई मेमू रेल गाडि़यां मध्य प्रदेश में प्रारंभ की जाएंगी। वैष्णव ने कहा कि विश्व धरोहर खजुराहो में भव्य रेलवे स्टेशन बन रहा है। ग्वालियर स्टेशन की भव्यता ऐसी होगी कि कई एयरपोर्ट इससे पीछे नजर आएंगे। आज भारतीय रेलवे देश के नागरिकों के प्रति श्रद्धा और कर्तव्यभाव के साथ अपनी सेवाएं प्रदान कर रही है। इससे पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअली सतना-देवेन्द्र नगर एवं रीवा-चुरहट रेल लाइन का उद्घाटन किया। साथ ही देवेन्द्र नगर-चुरहट ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव मोहन सतना में आयोजित कार्यक्रम में धार जिले के सरदारपुर से वर्चुअली शामिल हुए। इस अवसर पर नागौद एवं चुरहट रेलवे स्टेशन पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शुभारंभ कार्यक्रम को वर्चुअली सम्बोधित करते हुए कहा कि आज विंध्य और बुंदेलखंड के लिए रेलवे की नई सौगात का दिन है। यह रेल परियोजना मध्य प्रदेश को विकास के नए दौर में ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur