चंडीगढ़ के हिमाल गुसैन,बिहार के किशन कुमार,ओडिशा के तपन बाड़ामुंडी और कोलकाता के कौस्तुभ कुंडू के खाते में पांच अंक
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,24 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। सुसीमा वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से गांधी स्टेडियम के मल्टीपरपज हॉल में आयोजित शतरंज प्रतियोगिता में पांचवें चक्र के मुकाबलों के बाद चार खिलाड़ी पांच-पांच अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। इनमें चंडीगढ़ के इंटरनेशनल मास्टर हिमाल गुसैन, बिहार के किशन कुमार,ओडिशा के तपन बाड़ामुंडी और कोलकाता के आईएम कौस्तुभ कुंडू शामिल हैं। चार अन्य खिलाड़ी 4.5 अंकों के साथ बढ़त बनाए हुए हैं। इनमें महाराष्ट्र के श्रेयश घादी, सालिक नवाज मनिहार,यशद बांबेश्वर और सीएम विनोद शर्मा शामिल हैं। पांचवें चक्र के मुकाबलों में हिमाल गुसैन ने काले मोहरों से खेलते हुए झारखंड के तनिष्क कुमार को पराजित किया। वहीं,आईएम कौस्तुभ कुंडू ने सफेद मोहरों से खेलते हुए पश्चिम बंगाल के वैभव नेमा को हराया। बिहार के किशन कुमार ने छत्तीसगढ़ के अभिषेक राजवाड़े को शिकस्त दी। प्रतियोगिता के पांचवें चक्र के शुभारंभ अवसर पर सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक शिक्षा राजेश सिंह,सरगुजा कमांडेंट शिवकुमार कठौतिया,जिला परियोजना अधिकारी साक्षर भारत कार्यक्रम गिरीश गुप्ता और जन शिक्षण संस्थान के निदेशक एम. सिद्दीकी उपस्थित रहे। राजेश सिंह ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की शुभकामनाएं दीं।
स्मृति चिह्न देकर किया गया सम्मानित
आयोजन के सफल संचालन में योगदान देने वाली ऑफिशियल टीम के सदस्यों को अतिथियों ने सुसीमा वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। अतिथियों ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम में नवीन जायसवाल ने आभार व्यक्त किया। सभा का संचालन सत्येंद्र प्रजापति ने किया। प्रतियोगिता का संचालन टूर्नामेंट डायरेक्टर सरोज कुमार वैष्णव के निर्देशन में सुजीत जायसवाल,विश्वास तिवारी और संतोष कुमार बैगा के प्रबंधन में किया जा रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur