
प्रत्येक मृतक परिवार को 25 हजार रुपये की सहायता,मुख्यमंत्री की ओर से 5-5 लाख रुपये देने की घोषणा
-संवाददाता-
एमसीबी,23 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर पहाड़हंसवाही के पास हुए दर्दनाक बस हादसे में छह यात्रियों की मौत के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल पीडि़त परिवारों के बीच पहुंचे, उन्होंने मृतकों के घर-घर जाकर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की,मंत्री ने कहा कि अपनों को खोने का दुख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता,इस कठिन समय में शासन और प्रशासन पीडि़त परिवारों के साथ खड़ा है। हादसे में ग्राम रोझी (पवई बहरा) के पंचराम (65 वर्ष), मधु एवं पूर्णिमा उर्फ नेहा, ग्राम कछौड़ (गुडरूपारा) की संगीता, ग्राम मनवारी के सिपाहीलाल तथा केवटी (भालूडांड) की सुकारो की मृत्यु हुई है, मंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजन को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की, इसके अतिरिक्त ग्राम रोझी निवासी सुक्रीता, पति अमरसाय,को 10 हजार रुपये की सहायता दी गई।
मुख्यमंत्री की ओर से 5-5 लाख रुपये की सहायता- स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्घटना में मृत प्रत्येक यात्री के परिवार को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है,मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए पीडि़त परिवारों तक शासन का संदेश पहुंचाने और हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करने के लिए कहा है।
दुर्घटनास्थल का निरीक्षण,सड़क सुधार के निर्देश-मंत्री ने पहाड़हंसवाही के पास दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से हादसे की परिस्थितियों की जानकारी ली,उन्होंने सड़क की स्थिति और भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक उपायों पर चर्चा करते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीरता बरतने के निर्देश दिए,क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए उन्होंने तीन सड़कों के मुरमीकरण कार्य को स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। साथ ही केल्हारी से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित बिहारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए नई एंबुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा की,इससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में मदद मिलने की उम्मीद है,इस दौरान कलेक्टर संतन देवी जांगड़े,जिला पंचायत सीईओ अंकिता सोम,पूर्व संसदीय सचिव चंपादेवी पावले,अपर कलेक्टर नम्रता डोगरे, एसडीएम शशि शेखर मिश्रा,सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे सहित जनप्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur