रविशंकर तिवारी सिविल लाइन और सनीप रात्रे तारबाहर टीआई बने,रजनीश सिंह हटाए गए
बिलासपुर,23 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए एसएसपी रजनेश सिंह ने 10 थानेदारों समेत सब इंस्पेक्टर के तबादले का आदेश जारी किया है। खराब प्रदर्शन के चलते तोरवा टीआई रजनीश सिंह को लाइन अटैच किया गया है। वहीं, तारबाहर टीआई रविशंकर तिवारी को सिविल लाइन थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सिविल लाइन टीआई किशोर केंवट को सिरगिट्टी थाने भेजा गया है। दरअसल, जिले के कुछ थानों के प्रभारियों की लगातार शिकायतें मिल रही थी। इसे लेकर एसएसपी रजनेश सिंह नाराज थे। इसी वजह से उन्होंने एक साथ 10 निरीक्षकों के तबादले कर दिए। जारी आदेश के मुताबिक, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही से हाल ही में ट्रांसफर होकर आए निरीक्षक सनीप रात्रे को तारबाहर थाने का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, जिला विशेष शाखा में पदस्थ निरीक्षक अजय साहू को बिल्हा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
खराब परफार्मेंस के चलते हटाए गए तोरवा टीआई
एसएसपी रजनेश सिंह ने थानेदारों को साफ चेतावनी दी थी कि उनके कामकाज को लेकर कोई शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। इसके बावजूद तोरवा टीआई रजनीश सिंह का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। इसके चलते एसएसपी ने उन्हें लाइन अटैच कर दिया है। उनकी जगह सीएसपी सिटी कोतवाली कार्यालय में पदस्थ निरीक्षक विवेक पांडेय को तोरवा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
किशोर केंवट को फिर मिला सिरगिट्टी थाना,रविशंकर को सिविल लाइन
जारी आदेश के अनुसार सिविल लाइन टीआई किशोर केंवट को एक बाद फिर सिरगिट्टी थाने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, सिरगिट्टी थाना प्रभारी वाईपी सिंह को हटाकर जिला विशेष शाखा प्रभारी बनाया गया है। बिल्हा टीआई तोप सिंह नवरंग को सिटी कोतवाली थाने में पदस्थ किया गया है। बतादें कि सिटी कोतवाली टीआई देवेंश सिंह राठौर का जिले से बाहर तबादला हो गया है। जिले के विवादित थानेदार अनिल अग्रवाल लंबे समय से लाइन में पदस्थ रहे। इसके बाद उन्हें एसपी ऑफिस में समंस वारंट और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स में पदस्थ किया गया था। उन्हें अब चकरभाठा थाने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, टीआई भावेश शेंडे को अनिल अग्रवाल की जगह भेजा गया है। बता दें कि अनिल अग्रवाल जब बेलगहना में पदस्थ थे तब उनके खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
वहीं, बिलासपुर में सब-इंस्पेक्टर रहते उनके खिलाफ कई शिकायतें की गई थी। जारी आदेश के अनुसार सहायक उपनिरीक्षक शोभनाथ यादव को जिला विशेष शाखा से सिरगिट्टी थाने भेजा गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur