दुर्ग-भिलाई,22 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के भिलाई स्टील प्लांट (भिलाई स्टील प्लांट) को बेचने की खबरों को प्रबंधन की ओर से अफवाह और भ्रामक बताए जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि भिलाई स्टील प्लांट के जनसंपर्क विभाग को बिक्री संबंधी खबरों का खंडन जारी करने का अधिकार किसने दिया? क्या यह बयान भारत सरकार की अनुमति से जारी किया गया है? बिक्री का फैसला भारत सरकार करती है। बघेल ने आरोप लगाया कि,अडाणी समूह की नजर भिलाई स्टील प्लांट की रेल मिल पर है और प्लांट को खरीदने की कोशिश की जा रही है।
बोले- किसकी अनुमति से जारी किया गया बयान : भूपेश बघेल ने कहा कि भिलाई स्टील प्लांट का जनसंपर्क विभाग न तो स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) का प्रवक्ता है और न ही इस्पात मंत्रालय का। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से स्पष्ट करने को कहा कि बिक्री की खबरों को खारिज करने वाला बयान भारत सरकार की अनुमति से जारी किया गया था या नहीं। बघेल ने कहा कि भिलाई स्टील प्लांट की बिक्री का फैसला भारत सरकार के स्तर पर होता है। यदि बयान बिना अनुमति जारी किया गया है, तो संबंधित अधिकारी को भिलाई की जनता से माफी मांगनी चाहिए। बता दें कि भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन ने 18 अक्टूबर को जारी बयान में संयंत्र की बिक्री से जुड़ी खबरों को असत्य और भ्रामक बताया था। प्रबंधन के मुताबिक, इस्पात मंत्रालय और पीआईबी फैक्ट चेक ने भी इन दावों का खंडन किया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur