नई दिल्ली,22 अक्टूबर 2026। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश में अराजकता फैलाने एवं चुनी हुई सरकारों को अस्थिर करने की कोशिशों के तार कई देशों में सत्ता परिवर्तन की एक अंतरराष्ट्रीय मुहिम से जुड़ने के खुलासे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इस नेटवर्क से संदिग्ध संबंधों पर गहरी चिंता जताते हुए इसकी व्यापक जांच कराये जाने की मांग की तथा राहुल गांधी के ‘गैरजिम्मेदाराना एवं अपरिपक्व’ व्यवहार की तीखी आलोचना की। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने गुरुवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देश में अराजकता फैलाने और चुनी हुई सरकारों को अस्थिर करने की कोशिशों के पीछे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय नेटवर्क की भूमिका की जांच होनी चाहिए। उन्होंने फॉक्स न्यूज की डिजिटल जांच रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि फ्रांस समेत कई देशों में ‘रेजीम चेंज’ यानी सत्ता परिवर्तन के लिए अराजकता और विरोध प्रदर्शनों का इस्तेमाल किए जाने के आरोपों के तार भारत में हो रही राजनीतिक गतिविधियों से जुड़ते हैं। गौरव भाटिया ने राहुल गांधी को गैर-जिम्मेदार और अपरिपक्व बताया और उनके लिए ‘गद्दार’ और ‘मीर जाफर’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि भारत के नेता प्रतिपक्ष से जिम्मेदार आचरण की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में नौ देशों में सक्रिय 101 संगठनों के नेटवर्क का उल्लेख किया गया है, जिसे ‘रेड-ग्रीन इकोसिस्टम ऑफ प्रोटेस्ट’ कहा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस नेटवर्क के जरिए निर्वाचित सरकारों को अस्थिर करने की कोशिश की जाती है। हालांकि, इन आरोपों और कथित नेटवर्क की भूमिका की स्वतंत्र पुष्टि आवश्यक है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur