लोहे के पाइप और डंडे से किया हमला, मौके से मिले टूटी चूडि़यों समेत वारदात में इस्तेमाल सामान जब्त
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,22 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। घरेलू विवाद ने एक परिवार उजाड़ दिया। केपी बाबापारा में 20 अक्टूबर को पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद पत्नी की मौत हो गई। मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी पति आलोक गिरी (36) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने घरेलू बात को लेकर हुए विवाद में पत्नी मानमति के साथ लोहे के पाइप और लकड़ी के डंडे से मारपीट की थी। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मालती देवी की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 737/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और प्रार्थिया सहित गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी आलोक गिरी, पिता बुटु गिरी, निवासी केपी बाबापारा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लोहे का पाइप, लकड़ी का डंडा, कराकट शीट का टुकड़ा और घटनास्थल पर मिली मृतका की टूटी चूडि़यां जब्त कीं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अखिलेश सिंह, उपनिरीक्षक विजय गुप्ता तथा आरक्षक डॉक्टर सिदार, परवेज फिरदौसी, विवेक राय और नितिन सिन्हा शामिल रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur