Breaking News

सूरजपुर@ ट्रैक्टरों की बेलगाम दौड़ में उजड़ रहे परिवार,विरोध के बाद क्रेशर प्लांट में आगजनी,6 गिरफ्तार

Share

दो दिनों में दो सड़क हादसों में छात्रा और महिला की मौत से भड़का आक्रोश,कुबेरपुर में चक्काजाम के बाद क्रेशर,मकान,जेसीबी,जनरेटर और अन्य सामान आग के हवाले करने का आरोप
पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बावजूद नहीं हटा प्रदर्शन,शासकीय कार्य में बाधा के मामले में भी कार्रवाई
गिट्टी लदे ट्रैक्टरों के संचालन और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल


-संवाददाता-
सूरजपुर,19 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)।
जिले में गिट्टी लदे ट्रैक्टरों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं,शुक्रवार को विश्रामपुर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर ट्रैक्टर की चपेट में आने से 13 वर्षीय छात्रा रिद्धिमा जैन की मौत हो गई, जबकि अगले दिन शनिवार को चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के कुबेरपुर में स्कूटी सवार महिला चंद्रावती जायसवाल की जान चली गई, लगातार दो दिनों में दो परिवारों
पर दुखों का पहाड़ टूटने के बाद कुबेरपुर
में ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा,सड़क पर प्रदर्शन और चक्काजाम के बाद मामला क्रेशर प्लांट में आगजनी तक पहुंच गया, पुलिस के अनुसार,इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है,इनमें से चार आरोपियों की गिरफ्तारी क्रेशर प्लांट, मकान,जेसीबी,जनरेटर और अन्य सामान में आगजनी के मामले में दर्ज अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत हुई,जबकि छह आरोपियों को शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में दर्ज अपराध क्रमांक 102/2026 में गिरफ्तार किया गया है,दोनों मामलों में चार नाम समान हैं, पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है,दो दर्दनाक हादसों ने सड़क पर चलने वाले आम लोगों की सुरक्षा,गिट्टी परिवहन में लगे वाहनों के संचालन और संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं,वहीं कुबेरपुर में दुर्घटना के बाद उपजा आक्रोश आगजनी और प्रशासनिक कार्रवाई में बाधा के आरोपों तक पहुंच गया,अब पूरे घटनाक्रम में हादसों की जांच के साथ-साथ आगजनी और प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं की निष्पक्ष जांच भी महत्वपूर्ण हो गई है।
शुक्रवार को स्कूल से लौट रही छात्रा की मौत
16 अक्टूबर को विश्रामपुर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर ग्राम पंचायत केशवनगर के बड़कापारा में दर्दनाक हादसा हुआ। सूरजपुर नवापारा निवासी एलआईसी एजेंट पंकज कुमार जैन अपनी 13 वर्षीय पुत्री रिद्धिमा जैन के साथ कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में आयोजित पैरेंट्स मीटिंग से बाइक पर घर लौट रहे थे,दोपहर करीब 12 बजे गिट्टी लदे ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 15 सीक्यू 5992 को क्रॉस करते समय ट्रैक्टर चालक द्वारा अचानक वाहन मोड़ने से बाइक टकरा गई,पिता-पुत्री सड़क पर गिर पड़े और रिद्धिमा का सिर ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया, हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई,जबकि पिता को हल्की चोटें आईं,टक्कर के बाद ट्रैक्टर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा,सूचना मिलने पर विश्रामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विकास देशमुख पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे,पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को बाहर निकलवाकर जब्त किया, मामले में आगे की कार्रवाई की गई,मासूम छात्रा की मौत से परिवार और स्कूल में शोक का माहौल बन गया।
शनिवार को कुबेरपुर में महिला की मौत,ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
विश्रामपुर की घटना के अगले दिन 17 अक्टूबर को चांदनी बिहारपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कुबेरपुर में एक और दर्दनाक हादसा सामने आया,उपलब्ध जानकारी के अनुसार, संजय जायसवाल की पत्नी चंद्रावती जायसवाल स्कूटी से घर लौट रही थीं,इसी दौरान गिट्टी लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई,हादसे के बाद चालक के वाहन सहित मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई, हालांकि इस संबंध में पुलिस की जांच और आधिकारिक पुष्टि महत्वपूर्ण होगी, महिला की मौत के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए और कुबेरपुर चौक पर एकत्र होकर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया,ग्रामीणों की नाराजगी केवल दुर्घटना तक सीमित नहीं थी,क्षेत्र में क्रेशर से गिट्टी लदे वाहनों की आवाजाही और बस्ती के बीच भारी सामग्री के परिवहन को लेकर भी चिंता जताई जा रही थी,प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यपालिक दंडाधिकारी ने लोगों को समझाने का प्रयास किया,लेकिन पुलिस के अनुसार प्रदर्शनकारी चक्काजाम समाप्त करने को तैयार नहीं हुए, इसी घटनाक्रम के दौरान शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने का आरोप भी सामने आया।
आक्रोश से आगजनी तक पहुंचा मामला
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार,ग्राम ठाड़पाथर निवासी राजनारायण पाण्डेय खालबहरा स्थित महावीर पाठक के क्रेशर में मुंशी तथा देखरेख और सुरक्षा का काम करते हैं,उन्होंने शिकायत में बताया कि 17 अक्टूबर को महावीर पाठक के ट्रैक्टर चालक जयकुमार वैस द्वारा कुबेरपुर में ग्रामीण सड़क से बोल्डर लाते समय स्कूटी सवार महिला का एक्सीडेंट हो गया था,घटना के बाद कुछ ग्रामीण कुबेरपुर चौक पर एकत्र हुए और विरोध प्रदर्शन करने लगे, शिकायत के मुताबिक, पुलिस और तहसीलदार बिहारपुर ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया,लेकिन प्रदर्शनकारी रास्ता जाम किए रहे,रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद रात में कुछ लोग डीजल-पेट्रोल लेकर संगठित रूप से क्रेशर प्लांट पहुंचे और वहां आगजनी की,क्रेशर प्लांट के अलावा मकान,एक जेसीबी मशीन,एक जनरेटर,एक मोटरसाइकिल,एक ट्रैक्टर तथा कुर्सी-टेबल को आग लगाने का आरोप है। इस मामले में थाना चांदनी में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296,191(2),111(3),326(6),109, 324(6), 331(5) और 61(2) में अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होनी है।
शासकीय कार्य में बाधा का भी मामला दर्ज-
इसी घटनाक्रम को लेकर दूसरा मामला अपराध क्रमांक 102/2026 के तहत दर्ज किया गया, प्रभारी तहसीलदार बिहारपुर की रिपोर्ट के अनुसार, दुर्घटना के बाद कुबेरपुर चौक पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम किया, पुलिस और कार्यपालिक दंडाधिकारी द्वारा बार-बार समझाइश देने के बावजूद प्रदर्शन समाप्त नहीं किया गया, रिपोर्ट में आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने शव पंचनामा की कार्रवाई और शव को ले जाने से रोकने की बात कहते हुए शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया, इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 351(3), 115(2), 191(2), 121(1), 221, 132 और 127(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया, पुलिस ने इस प्रकरण में छह नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
छह आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी-
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की गई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन तथा एसडीओपी ओड़गी राजेन्द्र मण्डावी के मार्गदर्शन में थाना चांदनी पुलिस ने दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा, आगजनी के मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों में छकउ साकेत, पिता स्वर्गीय परशुराम साकेत, उम्र 46 वर्ष, निवासी नावाटोला, सुभग लाल साकेत, पिता स्वर्गीय रामधन साकेत, उम्र 33 वर्ष, निवासी कुबेरपुर, मनीष यादव, पिता रामदेव यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी कुबेरपुर, और मुन्नीलाल यादव, पिता उमाशंकर यादव, उम्र 40 वर्ष, निवासी कुबेरपुर शामिल हैं, वहीं शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में पुलिस ने उक्त चार आरोपियों के अलावा मालिकचंद साकेत, पिता रामकिशुन, उम्र 44 वर्ष, निवासी कुबेरपुर तथा कृष्ण यादव, पिता रामअधीन यादव, उम्र 29 वर्ष, निवासी कुबेरपुर को गिरफ्तार किया है, पुलिस के मुताबिक पूछताछ के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, आगजनी के मामले में अन्य आरोपियों की पतासाजी की जा रही है, इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांदनी लक्ष्मी प्रसाद गुप्ता, थाना प्रभारी ओड़गी अलरिक लकड़ा तथा उनकी टीम सक्रिय रही।
हादसों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था, दोनों प्रशासन के सामने चुनौती-
कुबेरपुर में महिला की मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया, लेकिन विरोध के दौरान आगजनी और शासकीय कार्य में बाधा के आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है, सड़क हादसे में किसी की जान जाना परिवार और समुदाय के लिए अपूरणीय क्षति है, ऐसे मामलों में दुर्घटना की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार चालक के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई और प्रभावित परिवार को न्याय दिलाना आवश्यक है, साथ ही, किसी भी घटना के विरोध में हिंसा, आगजनी या सरकारी कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करने के आरोपों की जांच भी कानून के अनुसार होनी चाहिए, अब प्रशासन के सामने दो महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हैं—पहली, दोनों सड़क हादसों की परिस्थितियों और जिम्मेदारी की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करना, दूसरी, कुबेरपुर में आगजनी तथा शासकीय कार्य में बाधा के मामलों की निष्पक्ष विवेचना करना, इसके साथ ही क्षेत्र में गिट्टी लदे वाहनों के संचालन और सुरक्षा नियमों के पालन की समीक्षा भी जरूरी है, दो दिनों में एक छात्रा और एक महिला की मौत ने कई परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया है, ऐसे में सवाल केवल यह नहीं कि हादसे के बाद किसके खिलाफ कार्रवाई हुई, बल्कि यह भी है कि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाएंगे, सड़क पर चलने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।


Share

Check Also

कोरिया/सरगुजा@ सरगुजा की धरती पर राम वनवास की अमिट स्मृतियां

Share पहाड़ों-गुफाओं में आज भी जीवंत है रामकथा…. राम वनवास की स्मृतियों से जुड़ा सरगुजा,आस्था …

Leave a Reply