रातभर सडक पर पड़ा रहा आरक्षक,ठेले की बेंच पर लावारिस मिली इंसास रायफल…वीडियो सामने आने के बाद दुर्ग एसपी ने दोनों को किया निलंबित

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। बंदी को अंबिकापुर सेंट्रल जेल में दाखिल करने आए दुर्ग पुलिस के एएसआई और आरक्षक की लापरवाही सामने आई है। बंदी को जेल में शिफ्ट करने के बाद दुर्ग लौटने के लिए बस का इंतजार कर रहे दोनों पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर शराब पी। नशा इस कदर हावी हुआ कि दोनों बस स्टैंड के पास बेसुध पड़े रहे और एएसआई की इंसास रायफल ठेले की बेंच पर लावारिस हालत में मिली। सुबह लोगों ने दोनों का वीडियो बनाकर पुलिस को सूचना दी। मामला सामने आने के बाद दुर्ग एसपी ने दोनों को निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार,दुर्ग जिले में पदस्थ एएसआई प्रकाश एक्का और आरक्षक ऋषिकांत त्रिपाठी को 17 अक्टूबर को एक बंदी को अंबिकापुर सेंट्रल जेल में दाखिल करने की जिम्मेदारी दी गई थी। 18 अक्टूबर को बंदी को जेल में शिफ्ट करने के बाद दोनों दुर्ग लौटने के लिए प्रतीक्षा बस स्टैंड पहुंचे। इसी दौरान दोनों ने बस स्टैंड के पास स्थित शराब दुकान से शराब ली और ठेले के पास बैठकर पीने लगे। शराब के नशे में दोनों की हालत ऐसी हो गई कि वे खुद को संभाल नहीं सके। आरक्षक जमीन पर लुढक गया, जबकि एएसआई एक दुकान के सामने पड़ा रहा। इस दौरान एएसआई की इंसास रायफल ठेले के सामने रखी बेंच पर लावारिस हालत में पड़ी रही। सुबह करीब 7 बजे बस स्टैंड पहुंचे लोगों ने दोनों को इस हालत में देखा और वीडियो बनाकर बस स्टैंड चौकी को सूचना दी। सूचना पर चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। मामले की जानकारी सरगुजा एसपी राजेश अग्रवाल को दी गई, जिसके बाद रायफल को सुरक्षित कब्जे में लिया गया। आरक्षक के पास शराब से भरा डिस्पोजल गिलास भी पड़ा मिला। सरगुजा एसपी राजेश अग्रवाल ने मामले से दुर्ग एसपी विजय अग्रवाल को अवगत कराया। इसके बाद दुर्ग एसपी ने एएसआई प्रकाश एक्का और आरक्षक ऋषिकांत त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन दुर्ग में अटैच कर दिया। मामले में विभागीय जांच की भी बात कही जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur