-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। सूरजपुर जिला के झिलमिली,भैयाथान थाना अंतर्गत ससुराल पक्ष की प्रताडऩा से तंग आकर एक युवक द्वारा जहर सेवन कर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार भैयाथान थाना क्षेत्र के ग्राम खांडापारा निवासी आकाश जायसवाल पिता सुनील जायसवाल का विवाह अप्रैल 2026 में सूरजपुर जिला के रमकोला थाना अंतर्गत ग्राम बेदमी निवासी चंदा जायसवाल से हुआ था। दांपत्य जीवन के बाद नवविवाहिता करीब 4 माह की गर्भवती है और एक माह पहले अपने चाचा और भाई के साथ मायके चली गई थी। कुछ दिन बाद आकाश पत्नी को लेने ससुराल गया, तो ससुराल वालों ने यह कहकर भेजने से मना कर दिया कि माता-पिता को भेजना तब भेजेंगे। इसके बाद सास-ससुर अपनी पत्नी को लेने गए तो ससुराल पक्ष ने समाज की बैठक में बेटी से खाना बनवाने, घर का काम करवाने की बात कहते हुए उसे भेजने से इन्कार कर दिया। समाज के लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर सुलह कराया। शाम होने के कारण वे बहू को नहीं ले गए और अगले दिन लडका आकर ले जाएगा कहकर वापस आ गए। मृतक के पिता सुनील जायसवाल ने बताया कि दिनांक 8 अक्टूबर को शाम करीब 7.30 बजे छोटे बेटे ने फोन करके बताया कि आकाश का तबीयत खराब है। घर पहुंचने पर देखा कि आकाश दरवाजे के पास उल्टी कर रहा था और पास में घास मारने की दवा का डिब्बा पड़ा था। पूछने पर आकाश ने बताया कि साला और उसकी पत्नी, चाचा ससुर और चाची सास ने कॉन्फ्रेंस कॉल करके गालीगलौज करते हुए उसे पत्नि का मोबाइल देखने की बात को लेकर कई बातें कही। इनके द्वारा मोबाइल देखने पर बच्चे को गिरवा देने की धमकी दी गई थी। इसी बात से दुःखी होकर वह जहर सेवन कर लिया है। स्वजन उसे पहले भैयाथान शासकीय अस्पताल ले गए,यहां से सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। 3 दिन इलाज के बाद डॉक्टरों ने अंबिकापुर रेफर किया। 12 अक्टूबर को जिला अस्पताल अंबिकापुर लाने के बाद बेहतर उपचार के आस में वे उसे होलीकॉस अस्पताल में भर्ती कराए थे, यहां 18 अक्टूबर को शाम 7 बजे उसकी मौत हो गई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur