महाअष्टमी-नवमी पर मंदिरों और पंडालों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़,हवन के बाद कन्या भोज,आज गांधी चौक से निकलेगी भव्य शोभायात्रा


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। शारदीय नवरात्रि की महाअष्ठमी व नवमी तिथि की पूजा सोमवार को की गई। महाअष्टमी तिथि पर सरगुजा राज परिवार के टीएस सिंहदेव द्वारा कुलदेवी मां महामाया की राजसी परंपरा के अनुसार संधि पूजा की। पूरे दिन श्रद्धालुओं की भीड़ देवी मंदिरों व पंडालों में उमड़ी रही। सुबह से ही मां के दर्शन के लिए लोग कतार में खड़े रहे। हवन-पूजन के बाद कन्या भोज का भी आयोजन किया गया। इसके साथ ही शारदीय नवरात्र की पूर्णाहूति हुई। मंगलवार को विजया दशमी मनाया जाएगा। इस अवसर पर हिन्दू एकता मंच द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके लिए संठन द्वारा पिछले कई दिनों से तैयारी की गई है। शारदीय नवरात्रि 11 अक्टूबर से चल रही है। श्रद्धालु माता रानी की आराधना में लीन हैं। सोमवार को महाअष्ठमी व नवमी का संयोग रहा। मां महामाया सरगुजा राजपरिवार की कुलदेवी हैं तथा प्रत्येक वर्ष शारदीय नवरात्रि के अवसर पर राजपरिवार द्वारा परम्पराओं का निर्वहन करते हुए संधि पूजा की जाती है। महाअष्टमी तिथि पर सरगुजा राज परिवार के टीएस सिंहदेव अपने भतीजे आदित्येश्वर शरण सिंहदेव के साथ कुलदेवी मां महामाया की राजसी परंपरा के अनुसार संधि पूजा की। इस अवसर पर सरगुजा राजपरिवार द्वारा सर्वप्रथम मां महामाया इसके उपरांत मां समलाया और रघुनाथ पैलेस पहुंच कर फाटक पूजा, द्वार पूजा की जाती है जिसके बाद औपचारिक रूप से सरगुजा पैलेस के दशहरे की शुरूआत होती है। मां महामाया मंदिर में राजपुरोहित एवं बैगाओं के माध्यम से पूजा सम्पन्न हुई। जबकि पैलेस में फाटक व द्वार पूजा बैगाओं द्वारा की जाती है। सबसे पहले बैगा पूजा उपरांत पैलेस में प्रवेश करते हैं इसके पश्चात उनकी अनुमति से राजपरिवार के मुखिया व अन्य सदस्य पैलेस में प्रवेश करते हैं। पैलेस में स्थित कचहरी में गद्दी पर सरगुजा राजपरिवार के मुखिया बैठते हैं और मौजूद लोगों से हालचाल लेते हैं। सरगुजा राजपरिवार के मुखिया एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने इस अवसर पर परिवार के परम्पराओं का निर्वहन करते हुए पूजा अर्चना की। संधि पूजा अवसर पर राजपुरोहित द्विपेश पांडेय व मंदिर के पुजारी उपस्थित थे।
जगह-जगह कन्या भोज का हुआ आयोजन : शारदीय नवरात्रि की नवमी पर पूजा पंडालों व देवी मंदिरों में हवन पूजन की गई। भक्तों से श्रद्धापूर्णक हवन कर अपने परिवार के लिए सुख शांति की कामना की। हवन के बाद भक्तों द्वारा कन्या को भोजन कराया गया। इसके साथ नवरात्र की समाप्ति हुई।
रघुनाथ पैलेस में शस्त्र पूजन कार्यक्रम आज : सरगुजा राजपरिवार के मुखिया टीएस सिंहदेव एवं उनके उत्तराधिकारी आदित्येश्वर शरण सिंहदेव द्वारा विजया दशमी के दिन मंगलवार को शस्त्र पूजन रघुनाथ पैलेस में किया जाएगा। राजपुरोहित द्वारा पूजा कराई जाएगी। इस दिन रघुनाथ पैलेस कचहरी में टीएस सिंहदेव आमजनों से मुलाकात करेंगे एवं नीलकंठ पूजा सम्पन्न होगी।
पंडालों में भी दर्शन-पूजन करने पहुंच रहे भक्त
महाअष्टमी व नवमी के अवसर पर शहर व आस-पास के गामीण क्षेत्रों से श्रद्धालुओं ने शहर के विभिन्न पंडालों में पहुंच कर मां के दर्शन किए। शहर के विभिन्न जगहों पर आकर्षक पंडाल में मां की प्रतिमाएं स्थापित की गई है। पंडालों में भी पूजा-अर्चना हेतु श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है।
दशहरा पर निकलेगी विशाल शोभायात्रा
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी दशहरा के अवसर पर हिन्दू युवा एकता मंच द्वारा शहर में विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। विजयदशमी के दिन कलाकेन्द्र मैदान गांधी चौक से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी जो महामाया मंदिर तक जाएगी। इस दौरान महामाया मंदिर परिसर में गंगा महाआरती का आयोजन किया जाएगा। मंच के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा अधिक से अधिक संख्या में लोगों से रैली में सम्मिलित होने की अपील की गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur