होटल में खड़ी बुलेट टैंकर के नीचे दबी…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। रायपुर से अंबिकापुर की ओर जा रहा एक तेल टैंकर उदयपुर क्षेत्र के ग्राम डांडगांव में हादसे का शिकार हो गया। रविवार सुबह करीब 11.30 बजे चालक सडक किनारे एक होटल में नाश्ता करने रुका था। इसी दौरान टैंकर अचानक पीछे की ओर लुढकने लगा और करीब 200 मीटर दूर स्थित दूसरे होटल में जा घुसा। हादसे में होटल में खड़ी एक बुलेट टैंकर के नीचे दब गई। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार,पीछे की ओर लुढकता टैंकर दूसरे होटल के भट्ठे में जा घुसा और वहां जल रहे भट्ठे तक पहुंच गया। गनीमत रही कि टैंकर में आग नहीं लगी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। एहतियात के तौर पर होटल के मिस्त्री ने दोनों भट्ठों पर पानी डालकर आग बुझा दी।
पुलिस और फायर ब्रिगेड पहुंची : घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक शिशिरकांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। संभावित खतरे को देखते हुए अदाणी कोल माइंस की फायर ब्रिगेड टीम को भी बुलाया गया। एहतियात के तौर पर टैंकर के आसपास लोगों की आवाजाही रोकी गई,ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur