नई दिल्ली,18 अक्टूबर 2026। केंद्रीय संसदीय मंत्री किरेन रिजिजू ने रविवार को दावा किया कि भारत में भी ठीक वैसी ही हिंसा, आगजनी और लूटपाट की साजिश रची गई थी, जैसी हाल ही में बांग्लादेश और फ्रांस में देखने को मिली। भारत-विरोधी ताकतों और कुछ राजनेताओं पर तीखा प्रहार करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत में सत्ता परिवर्तन विदेशी साजिशों से नहीं बल्कि केवल लोकतांत्रिक चुनावों से ही संभव है। रिजिजू ने आरोप लगाया कि देश का माहौल बिगाड़ने के लिए एक सोची-समझी रणनीति तैयार की गई थी। उन्होंने कहा…भारत-विरोधी गिरोहों और कुछ राजनेताओं ने मिलकर युवाओं को भड़काने और देश की सड़कों पर हिंसा फैलाने की योजना बनाई थी। उनका इशारा स्पष्ट रूप से उन ताकतों की ओर था जो देश में अस्थिरता पैदा करना चाहती हैं। इस नापाक साजिश को रचने वालों को चेतावनी देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कड़े लहजे में कहा कि साजिशकर्ता यह भूल गए कि भारत की स्थिति और लोकतांत्रिक जड़ें बहुत मजबूत हैं। उन्होंने कहा, खतरनाक साजिश रचने वाले यह भूल गए कि भारत न तो बांग्लादेश है और न ही फ्रांस। विदेशी अरबपति जॉर्ज सोरोस का नाम लेते हुए रिजिजू ने विदेशी दखलअंदाजी को लेकर भी कड़ा संदेश देते हुए कहा कि भारत में सत्ता परिवर्तन बिल्कुल हो सकता है लेकिन केवल चुनावों के जरिए, सोरोस के जरिए नहीं। उल्लेखनीय है कि विपक्षी दल,छात्र संगठन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को तत्काल बन्द करने की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur