15 नई कक्षाएं होंगी उपलब्ध,सीसीटीवी निगरानी और गणवेश अनिवार्य कर अनुशासन सुधारने की पहल
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर में लंबे समय से चली आ रही चुनौतियों और कमियों को दूर करने की दिशा में पहल शुरू की गई है। महाविद्यालय प्रशासन आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ विद्यार्थियों की सुरक्षा, अनुशासन और शिकायतों के निराकरण की व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुटा है। पिछले कुछ महीनों में शुरू किए गए प्रयासों के तहत नए कक्षों का निर्माण, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, गणवेश और पहचान पत्र की अनिवार्यता सहित कई व्यवस्थाओं में सुधार किया जा रहा है। महाविद्यालय में कक्षाओं की कमी लंबे समय से चुनौती बनी हुई है। इसे दूर करने के लिए विभिन्न मदों से नए कक्षों का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद आगामी कुछ महीनों में लगभग 15 अतिरिक्त कक्षाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे विद्यार्थियों को राहत मिलने के साथ शिक्षण व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिलेगी। भारत सरकार की रूसा योजना के अंतर्गत महाविद्यालय में मल्टीपर्पज गर्ल्स सेंटर का निर्माण भी प्रगतिरत है। इसमें छात्राओं के लिए कौशल प्रशिक्षण,शारीरिक फिटनेस,विज्ञान एवं तकनीकी डिजिटल सुविधाओं,सम्मेलन और कोचिंग सेंटर,रीडिंग हॉल,विधिक सहायता तथा सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए केंद्र विकसित किए जाने की योजना है। इसके साथ ही सेल्फ डिफेंस सेंटर, छात्र-छात्राओं के लिए शौचालय एवं वॉशरूम और दो कार्यालयों की सुविधा भी प्रस्तावित है।
सीसीटीवी निगरानी से सुरक्षा पर जोर : महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था की गई है। वहीं, विद्यार्थियों के लिए गणवेश अनिवार्य करने के साथ सभी को महाविद्यालय की ओर से पहचान पत्र जारी किए गए हैं। प्रशासन का मानना है कि इससे विद्यार्थियों की पहचान सुनिश्चित करने और संस्थान में अनुशासन बनाए रखने में मदद मिलेगी।
छात्रावास और परिसर की व्यवस्था में सुधार : महाविद्यालय के छात्रावासों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ अनुशासन और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए नए नियम एवं व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। अनुशासन समिति के सदस्यों को नियमित रूप से परिसर का भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं,ताकि विद्यार्थियों की आवश्यकताओं और अनुशासन से जुड़े मामलों पर निगरानी रखी जा सके। स्थानीय जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के साथ समन्वय कर महाविद्यालय में मरम्मत कार्य भी कराए जा रहे हैं।
प्रशासन के अनुसार, अधिकांश मरम्मत कार्य पूर्ण होने की स्थिति में हैं। परिसर की पुताई का काम भी कराया जा रहा है। महाविद्यालय प्रशासन का लक्ष्य शिक्षा, सुरक्षा, अनुशासन और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाकर संस्थान को आदर्श उच्च शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित करना है। इसके लिए आधारभूत संरचना, शैक्षणिक सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सुधार के प्रयास आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur