Breaking News

अम्बिकापुर@जगराते के लिए बांधी रस्सी से बाइक टकराई,फैजान की मौत

Share


जयस्तंभ चौक पर हादसे के बाद बवाल,परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप,पूजा समिति के पदाधिकारियों समेत अन्य पर अपराध दर्ज…

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। शहर के जयस्तंभ चौक के पास शुक्रवार शाम जगराता कार्यक्रम के लिए की गई बैरिकेडिंग से बाइक टकराने पर 20 वर्षीय युवक मो. फैजान की मौत हो गई,जबकि उसका साथी समीर घायल हो गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों और समाज के लोगों ने देर रात कोतवाली पहुंचकर विरोध जताया। परिजनों ने रास्ते में बांधी गई रस्सी और जीआई तार से हादसा होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पूजा समिति के पदाधिकारियों समेत अन्य के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, जयस्तंभ चौक के पास जागृति नव युवक मंडल हर साल दुर्गा पूजा का आयोजन करता है। शुक्रवार रात जगराता होना था,जिसकी तैयारी में समिति के सदस्य जुटे थे। लोगों की आवाजाही रोकने के लिए पूजा पंडाल से कुछ दूरी पर बैरिकेडिंग की गई थी। शाम करीब 7 बजे मायापुर निवासी मो. फैजान अपने साथी समीर के साथ बाइक से अग्रसेन चौक से महामाया चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान जयस्तंभ चौक के पास उनकी बाइक बैरिकेडिंग से टकरा गई। हादसे में फैजान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि समीर को भी चोटें आईं। समिति के सदस्यों ने फैजान को ऑटो से अस्पताल पहुंचाया,जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप…गले में फंसी थी रस्सी : मृतक के परिजनों का आरोप है कि रास्ता रोकने के लिए बांधी गई रस्सी और जीआई तार फैजान के गले में फंस गए थे। मौके पर पहुंचने पर उसके गले में रस्सी और तार फंसे होने तथा काला निशान पडऩे की बात भी परिजनों ने कही। उन्होंने करंट लगने की आशंका भी जताई है। परिजनों ने रात के अंधेरे में रस्सी दिखाई नहीं देने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने को हादसे की वजह बताया।
देर रात कोतवाली पहुंचे परिजन : घटना से आक्रोशित परिजनों और समाज के लोगों ने देर रात कोतवाली पहुंचकर विरोध जताया। उन्होंने जागृति नव युवक मंडल और जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने सुरेश कन्नौजिया,संदीप अग्रवाल समेत अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1),125(ए) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
समिति का दावा…तेज रफ्तार में थी बाइक
जागृति नव युवक मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि जगराता कार्यक्रम के लिए अग्रसेन चौक के पास भी बैरिकेडिंग की गई थी,जहां यातायात विभाग की महिला आरक्षक तैनात थीं। बाइक सवारों को उस रास्ते से जाने से रोका गया था। समिति के अनुसार,हादसे वाली जगह पर भी बांस, रस्सी और बैरिकेडिंग लगाई गई थी। बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर से चैनल गेट उखड़ गया। पदाधिकारियों ने दावा किया कि रस्सी करीब तीन फीट की ऊंचाई पर बंधी थी और युवक के गले में रस्सी या तार नहीं फंसा था। उनके मुताबिक,बैरिकेडिंग से टकराने के कारण सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने से युवक की मौत हुई। हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ सुर-संगीत संघ ने किशोर कुमार को दी सुरमयी श्रद्धांजलि

Share नए युवा कलाकारों को अवसर देना संस्था की सराहनीय पहल : मंजूषा भगत-संवाददाता-अम्बिकापुर,17 अक्टूबर …

Leave a Reply