-संवाददाता-
अम्बिकापुर,16 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। शहर से लगे रनपुर गांव में सालों से खुले आसमान के नीचे विराजमान नाथल दाई के स्थल पर अब मंदिर निर्माण की तैयारी है। इसके लिए सरकार की ओर से पांच लाख रुपए स्वीकृत की गई है। वहीं, मंदिर निर्माण की पहल के साथ पास स्थित मजार को लेकर विवाद भी शुरू हो गया है। रनपुर स्थित नाथल दाई का स्थल स्थानीय लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां माता की प्रतिमा खुले आसमान के नीचे विराजमान है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मन्नत पूरी होती है। इस स्थल पर बलि देने की परंपरा भी प्रचलित बताई जाती है। इस वर्ष पहली बार नवरात्रि के नौ दिनों तक यहां मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई। खास बात यह है कि नाथल दाई का स्थल पास स्थित एक मजार से लगा हुआ है। इसी वजह से रनपुर को सद्भावना गांव के रूप में भी जाना जाता है।
मंदिर निर्माण के लिए पांच लाख रुपए स्वीकृत
नाथल दाई स्थल पर मंदिर निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए पांच लाख रुपए स्वीकृत किए जाने की जानकारी है। भूमिपूजन के बाद नाथल दाई कॉरिडोर विकसित करने की योजना की भी चर्चा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur