-संवाददाता-
अम्बिकापुर,16 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और नागरिकों को उनके गांव में ही आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सरगुजा जिले के अम्बिकापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बरगवां में संचालित अटल डिजिटल सुविधा केंद्र से ग्रामीणों को बैंकिंग लेन-देन के साथ विभिन्न शासकीय सेवाओं से संबंधित ऑनलाइन कार्यों की सुविधा मिल रही है। इससे ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए शहर जाने की आवश्यकता कम हुई है और उनके समय एवं आवागमन खर्च की बचत हो रही है। ग्राम पंचायत बरगवां निवासी श्री राम ने अटल डिजिटल सुविधा केंद्र के माध्यम से विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी राम जी के अंतर्गत किए गए कार्य की मजदूरी राशि का आहरण किया। उन्होंने बताया कि गांव में ही पैसे निकालने की सुविधा मिलने से काफी सहूलियत हुई है। अब बैंकिंग संबंधी सामान्य कार्यों के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
श्री राम ने बताया कि अटल डिजिटल सुविधा केंद्र में पैसों के लेन-देन के साथ आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र से संबंधित ऑनलाइन कार्यों की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे ग्रामीणों को विभिन्न सेवाओं का लाभ लेने में आसानी हो रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur